अयोध्या में सीखेंगे नई कृषि तकनीक और प्राकृतिक खेती के गुर
बलिया, संवाददाता। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन (एसएमएई) योजना के तहत जिले के

बलिया, संवाददाता। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन (एसएमएई) योजना के तहत जिले के 45 किसानों का दल बुधवार को पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (कुमारगंज-अयोध्या) के लिए रवाना हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम एक से पांच अक्तूबर तक होगा। इस दौरान किसानों को फसल उत्पादन की नई तकनीकों के साथ ही गौ आधारित प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण, टिकाऊ कृषि, मृदा स्वास्थ्य और किसान आय में वृद्धि से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। किसानों को शाक-भाजी उत्पादन, जैविक खेती, पशुपालन और फसल अवशेष प्रबंधन की तकनीकों का भी प्रशिक्षण मिलेगा। रबी फसलों की बुआई, बेहतर फसल प्रबंधन और आधुनिक कृषि पद्धतियों के व्यावहारिक पहलुओं से भी किसानों को अवगत होंगे।किसानों
के दल को परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह, उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह तथा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी प्रेम शंकर यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में लगातार नई तकनीकों का विकास हो रहा है। ऐसे प्रशिक्षण किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को समझने और उन्हें अपने खेतों में अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों की जानकारी देकर उन्हें व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाया जाएगा, ताकि वे बेहतर फसल उत्पादन के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकें।

