धान की कटाई शुरू, पैदावार अच्छी नहीं होने से किसान मायूस
अमरोहा में किसानों को इस बार धान की फसल से उम्मीद थी, लेकिन समय पर बारिश न होने के कारण एक बीघे में सिर्फ तीन कुंतल धान की पैदावार हो रही है। पिछले वर्ष यह मात्रा चार कुंतल थी। इससे किसानों का सिंचाई खर्च बढ़ा है और रोग व कीट का भी संकट बढ़ा है।

अमरोहा। जिले में धान की कटाई शुरू हो गई है। किसानों को उम्मीद थी कि इस बार उनकी फसल अच्छी रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं रहा। किसानों का कहना है कि समय से बारिश न होने के चलते एक बीघे खेत में तीन कुंतल से कम धान की पैदावार मिल रही है। क्षेत्र में अधिकांश किसानों ने मानसून आने के पहले ही धान की रोपाई कर दी थी। किसानों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि मानसून अच्छा रहने पर फसल की पैदावार भी अच्छी होगी, लेकिन समय से बारिश न होने पर किसानों की उम्मीद पूरी नहीं हो पाई।किसानों ने बताया कि एक बीघा में तीन कुंतल से कम धान की पैदावार मिल रही है, जबकि गत वर्ष एक बीघा खेत में चार कुंतल धान की पैदावार हुई थी किसानों का कहना है कि समय पर बारिश न होने से सिंचाई का खर्च भी बढ़ गया था।
रोग व कीट का आक्रमण भी अधिक हुआ है। कई बार कीटनाशक का स्प्रे करना पड़ा है। किसान जसवंत सिंह का कहना है कि पिछले साल की अपेक्षा फसल से और भी कम उत्पाद मिलने की आशंका है। धान की फसल तैयार हो चुकी है। क्षेत्र में धान की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य शुरू हो गया है। मंडी में नया धान आना शुरू हो गया है। हसनपुर में धान फसल की पुआल हरे चारे के रूप में काम आ रही है। बताया जाता है कि पुआल अभी हरी है। बहुत से लोग मजदूरी में सिर्फ हरे चारे के लिए धान फसल की कटाई कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि महंगाई की वजह से तमाम पशुपालक पुआल पशुओं को खिला रहे हैं।

