कृषि विज्ञान केंद्र में आईसीएआर-सीएसआर सम्मेलन का हुआ सीधा प्रसारण
जलालगढ़ में आयोजित आईसीएआर-सीएसआर सम्मेलन में 102 प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। किसान सारथी ऐप के जरिए किसानों को कृषि सलाह और जानकारी देने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान ऐप के फायदों और उसकी उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी गई।

जलालगढ़, एक संवाददाता। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के तत्वावधान में आयोजित आईसीएआर-सीएसआर सम्मेलन का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में जिले के किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और किसान सारथी ऐप के माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस कार्यक्रम में जिले के 102 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। किसान सारथी ऐप भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की एक संचार एवं कृषि प्रसार सेवा प्रणाली है जिसके माध्यम से किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी जानकारी और आवश्यक सलाह उपलब्ध कराई जाती है। जानकारी दी गई कि कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित किसान सारथी ऐप पर पूर्णिया जिले के लगभग 1.75 लाख किसान पंजीकृत हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन नई दिल्ली से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। उन्होंने किसानों से कृषि एवं नीतिगत विषयों पर अपने सुझाव और फीडबैक देने का आह्वान किया। जलालगढ़ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. के. एम. सिंह ने कहा कि किसान सारथी ऐप किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रभावी कृषि सेवा मंच है। इसके माध्यम से किसान अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि करने में सफल हो सकते हैं। वहीं किसान सारथी ऐप के नोडल पदाधिकारी डॉ. आतिश सागर ने किसानों को ऐप की विभिन्न सुविधाओं और उपयोग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लाइव प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को बताया कि किस प्रकार वे ऐप का उपयोग कर विशेषज्ञों से सलाह प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय योगदान दिया।


