25 हजार रुपये प्रति वीघा फसल नुकसान दिलाने को सौंपा एसडीएम को ज्ञापन
जिले में दो दिन की लगातार बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मुआवजे की मांग की है। किसान प्रति बीघा 25 हजार रुपये का मुआवजा मांग रहे हैं और घरेलू बिजली बिल माफ करने की भी मांग की है।

दो दिन लगातार बारिश से जिले में किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने चिंता जताई है। बुधवार को संगठन के पदाधिकारी तहसील पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी आशुतोष को सौंपकर बारिश से फसल के नुकसान से पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। ज्ञापन में किसानों ने कहा कि शुक्रवार की रात से लगातार शनिवार व रविवार को हुई बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनकी मांग है कि प्रशासन अपने स्तर से शीघ्र नुकसान का सर्वे कराए और सरकार प्रति बीघा 25 हजार रुपये की दर से फसल नुकसान का मुआवजा किसानों को दे।
साथ ही जिलाधिकारी के स्तर से जल्द आदेश जारी कर प्रभावित किसानों को राहत राशि दिलाई जाए। इसके अलावा प्राकृतिक आपदा को देखते हुए किसानों के घरेलू बिजली कनेक्शनों के बकाया बिजली बिल माफ किए जाए। किसान नेताओं का कहना है कि फसल खराब होने से किसानों की आर्थिक स्थिति पहले ही प्रभावित हुई है, ऐसे में बिजली बिल का बोझ कम किया जाना जरूरी है। इस दौरा नीरेश यादव, मिथलेश शास्त्री, नेतपाल, भूरे सिंह, प्रमोद, उदयवीर, रामबाबू, सौरभ, गौरव, नेमपाल आदि शामिल रहे।

