निवेश और वेरिफिकेशन के नाम पर 4.61 लाख ठगे
खागा के बरकतपुर निवासी किसान बलराज सिंह के साथ साइबर अपराधियों ने 4.61 लाख रुपए की ठगी की। जालसाजों ने निवेश के लालच में उन्हें फंसाया और बैंक खाता अपडेट कराने के बहाने पैसे ट्रांसफर करवा लिए। जब पीड़ित ने पैसे लौटाने की मांग की, तो जालसाजों ने संपर्क तोड़ लिया। पुलिस ने जांच शुरू की है।

खागा। कोतवाली क्षेत्र के बरकतपुर निवासी किसान के साथ साइबर अपराधियों ने ठगी करते हुए उन्हें 4.61 लाख रुपए की चपत लगा दी। पीड़ित बलराज सिंह ने बताया कि बीते साल 23 मई को अज्ञात नंबरों से सामान्य फोन कॉल्स और व्हाट्सएप के जरिए उनसे लगातार संपर्क किया गया। जालसाजों ने शातिर तरीके से अपने विश्वास में लिया। शुरुआत में उन्हें एक लुभावनी योजना के तहत निवेश का लालच दिया। जिससे वे ज्यादा मुनाफे की उम्मीद में आ गए। इसके बाद शातिर जालसाजों ने पीड़ित के बैंक खाते को ब्लॉक होने से बचाने या अपडेट करने का स्वांग रचा। उन्होंने अकाउंट वेरिफिकेशन और तत्काल अपडेट के नाम पर झांसा देते हुए पीड़ित से लगातार कई ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 4.61 लाख रुपए अलग-अलग संदिग्ध बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
जब पीड़ित ने बाद में अपने पैसे वापस मांगे तो जालसाजों ने फोन बंद कर लिए और कोई जवाब नहीं दिया। पीड़ित ने बताया कि धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए मुख्य संदिग्धों के नाम विजय कुमार, हर्ष विमल मेहता और दीपा के. वर्मा के रूप में सामने आए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु की है।


