मेरठ : थर्ड डिग्री प्रकरण में एसएसपी से मिले सपा विधायक अतुल प्रधान
मेरठ के किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव को थर्ड डिग्री दिए जाने के मामले में सपा विधायक अतुल प्रधान ने जांच की जानकारी ली। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाटी की स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ी, जिस पर उन्हें आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनका इलाज जारी है।

मेरठ। किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव को एसएसपी कार्यालय में थर्ड डिग्री दिए जाने के मामले में शनिवार को सरधना विधायक अतुल प्रधान सपा नेताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से मुलाकात कर प्रकरण की जांच की जानकारी ली। जांच में अब तक हुई कार्रवाई पर सवाल उठाए। इसके अलावा शाम को सपा विधायक और भाटी एडीजी भानु भास्कर से भी मिले। सपा विधायक अतुल प्रधान, सपा जिलाध्यक्ष करम सिंह गूमी, वरिष्ठ नेता आदिल चौधरी, प्रदीप कसाना सहित सपा के प्रतिनिधिमंडल के साथ नवागत एसएसपी से मिलने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पुलिस की बर्बरता का शिकार हुए किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव भी मौजूद रहे। नए एसएसपी के सामने पूरा घटनाक्रम रखते हुए अतुल प्रधान ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ डीआईजी रेंज सहारनपुर अभिषेक सिंह द्वारा की जा रही जांच जल्द से जल्द पूरी किए जाने की मांग की। एसएसपी ने भी जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया。
कार्रवाई को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता
मीडिया से बातचीत करते हुए अतुल प्रधान ने कहा कि आधी-अधूरी जांच और कार्रवाई को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। लिहाजा जांच पूरी होने पर पूर्व एसएसपी अविनाश पांडे और आरोपी इंस्पेक्टर सिविल लाइन अखिलेश गौड़ सहित अन्य सभी सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा कायम होने तक वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को लोकतंत्र में संवैधानिक मान्यताओं के अनुरूप ही कार्रवाई करनी चाहिए। मगर, पूर्व एसएसपी अविनाश पांडेय ने ऐसा नहीं किया।
डीआईजी सहारनपुर को सौंपी गई है जांच
प्रकरण की जांच डीआईजी सहारनपुर को सौंपी गई है। अतुल प्रधान ने अधिकारियों से जांच की वर्तमान स्थिति, अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने मांग की कि एसएसपी मेरठ और डीआईजी सहारनपुर के स्तर से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जाए।
तबीयत बिगड़ने पर दिग्विजय भाटी आनंद अस्पताल में भर्ती
- आंख में तेज दर्द और बीपी कम होने के बाद कराया गया भर्ती- समाज के प्रतिनिधि ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
फोटो...
मेरठ, संवाददाता। किसान नेता दिग्विजय भाटी की शनिवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। आंख में तेज दर्द के साथ उनका बीपी कम हो गया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें आनंद अस्पताल में भर्ती कराया।
दिग्विजय भाटी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय गुर्जर महासभा भारत के प्रतिनिधि चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर भी अस्पताल पहुंचे और हाल जाना। उन्होंने कहा कि दिग्विजय भाटी के सम्मान और न्याय की लड़ाई में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। बताया कि चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दिग्विजय भाटी की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और परिचितों में भी चिंता का माहौल बन गया।


