ससुराल में किसान ने फांसी लगा दी जान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सैदाबाद।उतरांव थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान का शव ससुराल स्थित कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला।

उतरांव थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान का शव ससुराल स्थित कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची उतरांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए फोरेंसिक टीम से जांच कराने और मामले की निष्पक्ष पड़ताल की मांग की है। फूलपुर थाना क्षेत्र के ज्वालापुर गांव निवासी 45 वर्षीय राम नारायण पटेल पिछले काफी समय से उतरांव थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव स्थित अपनी ससुराल में परिवार के साथ रह रहे थे।
वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी निर्मला देवी का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था। पत्नी की मौत के बाद वह अपने तीन बेटों शैलेश, सुमित और प्रियांशु के साथ ससुराल में रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक बीते रविवार की रात राम नारायण ने परिवार के साथ भोजन किया और उसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए, जबकि उनके तीनों बेटे घर के बाहर सो रहे थे। सोमवार सुबह जब बेटे चाय के लिए उन्हें जगाने कमरे में पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। राम नारायण का शव रस्सी के फंदे के सहारे बांस से लटका हुआ था। बेटों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। मृतक राम नारायण तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत के बाद तीनों बेटों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब पालन-पोषण और भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। परिजनों का कहना है कि घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उनका आरोप है कि मामले की गहन जांच कराई जानी चाहिए। थानाध्यक्ष उतरांव विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


