खेत की रखवाली कर रहे किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत, हादसा या हत्या - जांच में जुटी पुलिस
शुजागंज (अयोध्या) में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मौत हो गई। 70 वर्षीय कमलेश कुमार खेत की रखवाली के लिए ट्यूबवेल पर गए थे, जहां उनकी झोपड़ी में आग लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुजागंज (अयोध्या), संवाददाता। अयोध्या जनपद के शुजागंज चौकी क्षेत्र के रहीमगंज गांव में खेत की रखवाली करने गए किसान की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे और हत्या, दोनों बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय किसान कमलेश कुमार उर्फ भक्त सोमवार रात अपने खेत की रखवाली करने ट्यूबवेल पर गए थे। देर रात वहां बनी झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कमलेश की मौत हो चुकी थी और झोपड़ी भी जलकर राख हो गई थी。
घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाल संजय मौर्य ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की छानबीन की। ग्रामीणों के मुताबिक, कमलेश मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे और किसी से उनकी कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक ओझाई का काम भी करते थे। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की जानकारी पर रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और पुलिस को मामले की गहनता से जांच कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
पुलिस का बयान
शुजागंज चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह ने बताया कि रहीमगंज में खेत की रखवाली कर रहे किसान की जलकर मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


