धान की रोपाई के दौरान किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत
कुशीनगर के बसंतपुर गांव में एक किसान बबलू सिंह की बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हो गई। वे खेत में धान की रोपाई कर रहे थे तब ये हादसा हुआ। परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में एम्स गोरखपुर ले जाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में शोक छा गया।

कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम। कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में सोमवार की सुबह शुरू हुई बारिश के दौरान खेत में धान की रोपाई कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए एम्स गोरखपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बसंतपुर निवासी 38 वर्षीय किसान बबलू सिंह पुत्र इन्द्रजीत सिंह सोमवार की सुबह अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली उन पर गिर गई।
बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में ही अचेत होकर गिर पड़े।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल एम्स गोरखपुर लेकर गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


