पागल कुत्ते के काटने के बाद किसान ने बांके से गर्दन रेत जान दी
- मूलरूप से घाटमपुर निवासी किसान 20 साल से बिधनू में बहन के यहां रह

कानपुर, संवाददाता। पागल कुत्ते के काटने के बाद दिमागी संतुलन खोने वाले बिधनू के एक किसान ने सोमवार रात बांके से गर्दन रेतकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में रक्तरंजित शव देखकर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि हैलट में डॉक्टरों ने उन्हें रैबीज होने की जानकारी दी थी। वह अजीब हरकतें करने लगे थे और काली मंदिर में बलि देने की बात कहते थे।
किसान की पहचान
मूलरूप से घाटमपुर के तरगांव निवासी 57 वर्षीय रामआसरे किसान थे। अविवाहित होने के कारण बिधनू के धीरपुर गांव में बहन सुखरानी और बहनोई मुन्नीलाल के घर में 20 साल से रह रहे थे। भांजे शैलेष ने बताया कि मामा खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में रहते थे। 14 सितंबर की रात को सोते समय पागल कुत्ते ने मामा के होंठ में काट लिया था। इसके बाद से वह अजीबो-गरीब हरकत करने लगे। रविवार को उन्हें सीएचसी बिधनू ले गए, जहां से हैलट रेफर कर दिया गया। यहां वह हंगामा करने लगे तो सोमवार रात को घर ले आए। इसके बाद वह रात में ट्यूबवेल पर सोने चले गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उनका शव देख जानकारी दी। वह लोग मौके पर पहुंचे तो उनकी गर्दन में जख्म था और पास में बांका पड़ा था। बिधनू पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल की। बिधनू थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि किसान को कुत्ते ने काट लिया था। इलाज में लापरवाही की वजह से वह मानसिक बीमार की तरह हरकत करने लगे थे। ₹ प्रथम दृष्टा बांके से आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है।
कुत्ते की मौत
ग्रामीणों ने बताया कि कुत्ता पागल हो गया था। कुत्ते ने रामआसरे के अलावा 65 वर्षीय संत तोमर, 46 वर्षीय सतीपाल कुरील, 55 वर्षीय सरवन और 13 वर्षीय आयुष को काटा था। कुत्ते की स्थिति को देखकर ग्रामीणों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला था।
पूजा के असुरक्षित प्रयास
परिजनों ने बताया कि कुत्ते के काटने के बाद रामआसरे पानी देखकर डरने लगे थे। दीवार से अपना शरीर रगड़ा करते थे। वह काली माता को अपनी बलि देने की बात कहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार भोर को उन्होंने पहले खेत के पास स्थित काली मंदिर के बाहर बांके से गर्दन रेतने का प्रयास कर रहे थे। दोबारा लौटे तो ट्यूबवेल के पास शव मिला।
परिजनों की चिंता
परिजनों का कहना है कि जब उन्हें दवा के लिए रुपये दिए जाते थे तो वह शराब पीकर लौट आते थे। वह कहते थे कि उन्हें कुछ नहीं होगा। इस लापरवाही से उनकी हालत बिगड़ती चली गई। हैलट के डॉक्टरों ने जांच के बाद जवाब दे दिया था। डॉक्टरों ने रैबीज होने की जानकारी दी और उनसे दूर रहते की हिदायत दी थी।


