फरीदाबाद को आदर्श शहर बनाने की तैयारी
फरीदाबाद को केंद्र सरकार की 'प्रगति-50' पहल के अंतर्गत स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसमें कचरा प्रबंधन और जल निकासी जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत फरीदाबाद में कचरा निस्तारण क्षमता को बढ़ाने और वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसे लेकर केंद्र सरकार की ‘प्रगति-50’ पहल के तहत देश के 77 नगर निगमों में शहर का चयन किया गया है। जिसमें फरीदाबाद के साथ गुरुग्राम और करनाल भी शामिल हैं। चयनित शहरों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं को आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के जरिए मजबूत किया जाएगा।केंद्र सरकार ने प्रगति-50 का राष्ट्रीय स्तर पर वर्चुअल शुभारंभ किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने की। इसमें चयनित नगर निगमों और नगर निकायों से जुड़े राज्यों के मंत्री, महापौर और अधिकारी शामिल हुए। फरीदाबाद से मेयर प्रवीण बत्रा जोशी कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामहल रही। योजना के तहत देश के 50 महत्वपूर्ण शहरों को मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इसके लिए शहरों की स्थानीय जरूरतों के आधार पर स्वच्छता और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा。
कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर
फरीदाबाद में इस पहल के तहत कचरा प्रबंधन को प्रमुखता दी जाएगी। शहर में रोजाना करीब 1200 टन कचरा निकलता है। फिलहाल करीब 1000 टन कचरे का निस्तारण किया जा रहा है। आने वाले समय में कचरा निस्तारण की क्षमता को बढ़ाकर 1600 टन प्रतिदिन करने की योजना है। इसके लिए शहर में तीन नए कचरा निस्तारण केंद्र बनाए जाएंगे। इससे कचरे के बढ़ते दबाव को कम करने और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। नगर निगम का फोकस केवल कचरा उठाने तक सीमित नहीं रहेगा। कचरे के संग्रहण से लेकर उसके परिवहन, प्रसंस्करण और अंतिम निस्तारण तक पूरी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की योजना है। घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। इसके लिए दो एजेंसी को घर-घर से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये एजेंसियां दिसंबर से काम शुरू कर देंगी। इसके साथ ही कचरा अलग-अलग करने और उसके वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर भी व्यवस्था विकसित की जाएगी।
जल निकासी व्यवस्था भी होगी बेहतर
मॉडल सिटी की योजना में फरीदाबाद की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करना भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के लिए निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर रहेगा। शहर के तेजी से हो रहे विस्तार को देखते हुए जल निकासी की मौजूदा व्यवस्था को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए नगर निगम, एफएमडीए, एचएसवीपी और एनएचएआई मिलकर विस्तृत कार्य योजना तैयार करेंगे। दावा है कि योजना पूरी होने के बाद चार से पांच घंटे की बारिश में भी सड़कों पर जलभराव की संभावना कम होगी।
वार्ड स्तर पर होगी निगरानी
स्वच्छता व्यवस्था को वार्ड स्तर तक मजबूत करने की योजना है। नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था की निगरानी में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार नागरिकों की शिकायतों और सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करने की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाएगा। इससे सफाई व्यवस्था की कमियों की पहचान कर उन्हें समय पर दूर करने में मदद मिलेगी।
फरीदाबाद को मॉडल सिटी बनाने में सरकारी प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और विकास व्यवस्था तभी प्रभावी हो सकती है, जब लोग भी इसमें सक्रिय भागीदारी करें। नगर निगम की कोशिश रहेगी कि वार्ड स्तर तक सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाए और नागरिकों की समस्याओं का जल्द समाधान हो।
- प्रवीण बत्रा जोशी, मेयर


