Faridabad News: शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी
Faridabad News: फरीदाबाद में उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी होने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। बैठक में लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को दस्तावेजी रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए।

Faridabad News: फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अब अधिकारियों पर भारी पड़ सकती है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सीएम विंडो, जनसंवाद और समाधान शिविर समेत विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयसीमा के भीतर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक देरी मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में डीसी ने लंबित और री-ओपन शिकायतों के साथ एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट), म्यूटेशन और संपत्ति से जुड़े मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों में नोटिस, जांच या विभागीय प्रक्रिया जरूरी है, उसमें तत्काल कार्रवाई शुरू की जाए।
साथ ही शिकायतकर्ता को कार्रवाई और संभावित समयसीमा की जानकारी दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल मौखिक आश्वासन देकर शिकायतों को लंबित न रखा जाए। प्रत्येक मामले में दस्तावेजी कार्रवाई करते हुए उसका स्पष्ट रिकॉर्ड तैयार किया जाए और एटीआर समय पर अपलोड की जाए। संपत्ति आईडी और एनडीसी से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड में संपत्ति के वास्तविक स्वामी और दर्ज विवरण में किसी तरह की विसंगति नहीं रहने देने के निर्देश दिए। एक ही संपत्ति आईडी के गलत इस्तेमाल या दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि संपत्ति संबंधी रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाए।---


