समझौता लागू नहीं होने पर पालिका व फायर कर्मियों ने हड़ताल का ऐलान

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबाद में नगरपालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन कर्मचारी यूनियन ने दौलतराम धर्मशाला में रैली आयोजित की। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए 6, 7 और 8 अगस्त को तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा की। प्रमुख मांगों में कर्मचारियों का नियमितीकरण और न्यूनतम वेतन शामिल हैं।

समझौता लागू नहीं होने पर पालिका व फायर कर्मियों ने हड़ताल का ऐलान

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। नगरपालिका कर्मचारी संघ और हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन की ओर से दौलतराम धर्मशाला में जिला स्तरीय रैली आयोजित की गई। रैली में कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए 6, 7 और 8 अगस्त को प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल करने की घोषणा की। रैली की अध्यक्षता जिला प्रधान दलित बोहत ने की, जबकि संचालन जिला सचिव अनिल चंडालिया ने किया। इसमें नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, महासचिव मांगेराम तिगरा, उप महासचिव सुनील चंडालिया तथा हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि 13 मई की वार्ता में सरकार ने कर्मचारियों की 17 प्रमुख मांगों पर सहमति जताते हुए 30 जून तक आदेश जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई पत्र जारी नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि सरकार की नीयत में खोट है और कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की गई है। उन्होंने बताया कि प्रमुख मांगों में कच्चे और अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, न्यूनतम वेतन, ईएसआई-ईपीएफ की सुविधा, रिक्त पदों पर भर्ती, पदोन्नति, सेवानिवृत्ति सम्मान राशि और फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद फायर कर्मियों के परिजनों को आर्थिक सहायता और रोजगार देना शामिल है। रैली में सर्व कर्मचारी संघ के आगामी आंदोलन का समर्थन करते हुए 30 जुलाई से होने वाली जिला स्तरीय रैलियों और 12 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय रैली में भाग लेने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रैली में बड़ी संख्या में पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी शामिल हुए।--

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।