जिला मलेरिया विभाग ने एक दिन में जारी किए 40 नोटिस
फरीदाबाद में लगातार हुई बारिश के बाद जिला मलेरिया विभाग ने एंटी लार्वा गतिविधियाँ प्रारंभ की हैं। अब तक 200 लोगों को लार्वा मिलने पर नोटिस दिए जा चुके हैं। विभाग ने लोगों से सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाने और घरों में पानी जमा न होने की सलाह दी है। बुखार के मरीजों की ब्लड स्लाइड भी तैयार की जा रही है।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। स्मार्ट सिटी में लगातार हुई मानसूनी बारिश के बाद अब जिला मलेरिया विभाग सक्रिय हो गया है और एक दिन में 40 लोगों को लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया है। इनमें घर के अलावा औद्योगिक व शिक्षण संस्थान सहित अन्य भवन शामिल हैं। जिले में अभी डेंगू के चार और मलेरिया के दो ही मामले आए हैं। मेलिर्या विभाग अबतक 200 से अधिक लोगों को नोटिस जारी कर चुका है। स्मार्ट सिटी में मंगलवार से शुरू हुई बारिश गुरुवार दोपहर तक जारी रही। इस दौरान बारिश रुक-रुक कर लगातार होती रही। इससे शहर के पार्कों, खाली प्लॉट, गड्ढों, भवनों की छतों पर रखे के टूटे बर्तनों, खराब टायरों सहित अन्य पात्रों में बारिश पानी एकत्रित हो गया है। यह पानी डेंगू एवं मलेरिया के लिए उपयुक्त है।डेंगू के तेजी से पैर पसारने से पूर्व उसके रोकथाम की तैयारियां शुरू कर दी गई है। बारिश रुकने के साथ ही जिला मलेरिया विभाग की टीम फील्ड पर उतर गई और बड़े स्तर पर एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई।
एंटी लार्वा गतिविधि
यह अभियान राहुल कॉलोनी, सेक्टर-14, 15, 16, ग्रेटर फरीदाबाद की सोसाइटी, एनआईटी, भारत कॉलोनी, हनुमान नगर, गांधी कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, संजय कॉलोनी, 60 फुट रोड, सरूरपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित जगहों पर एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई। इन सभी को नोटिस जारी किए गए और दोबारा लार्वा मिलने पर चालान की चेतावनी दी गई।
सप्ताह में एक दिन ड्राई डे
एंटी लार्वा एक्टिविटी के साथ मलेरिया विभाग की टीम ने लोगों से सप्ताह में एक दिन घर एवं अपने आसपास के क्षेत्र में ड्राई डे मनाने के निर्देश दिए। इसके तहत सभी को अपने घर की छत पर रखे बर्तनों में भरे पानी को फेंककर उसे उल्टा रखने की सलाह दी गई। इसके अलावा कूलर के पानी में किसी भी प्रकार का तेल डालने की सलाह दी गई। इससे पानी में पल रहे मच्छरों को ऑक्सीजन नहीं मिल पाती और मर जाते हैं। इसी प्रकार घर के आसपास भरे पानी में तेल डालकर लार्वा को समाप्त करने में विभाग का सहयोग कर सकते हैं। बता दें कि इस बार प्रदेश सरकार ने सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाने का आह्वान किया है।
बुखार के मरीजों के लिए ब्लड स्लाइड
इन दिनों बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं और डेंगू व मलेरिया फैलने की भी आशंका रहती है। इसके चलते विभाग ने सभी मरीजों की ब्लड स्लाइड के आदेश दिए हैं। बीके अस्पताल में प्रतिदिन 25 से 30 मरीजों की ब्लड स्लाइड तैयार की जा रही है। अबतक करीब 32 हजार मरीजों को ब्लड स्लाइड तैयार की जा चुकी है।
टीम का प्रयास
डेंगू एवं मलेरिया पर नियंत्रण के लिए हमारी 40 टीम मैदान पर उतर गई हैं। वह निरंतर एंटी लार्वा एक्टिविटी चला रही हैं। एक दिन के दौरान 40 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। अबतक 200 से अधिक लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं।
-डॉ. रामभगत, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी


