ढाई करोड़ की साइबर ठगी में दो खाताधारक गिरफ्तार
फरीदाबाद में सेक्टर-21 निवासी से 2.44 करोड़ रुपये ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और ठगी की रकम उनके खातों में पहुंची थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार किया है।

फरीदाबाद, सरसमल। ऑनलाइन निवेश के नाम पर सेक्टर-21 निवासी व्यक्ति से 2.44 करोड़ रुपये ठगने के मामले में साइबर थाना एनआईटी ने अब दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े खातों में 85 लाख रुपये पहुंचने का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज और यतेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ठगी की रकम प्राप्त करने वाले खाताधारक हैं। जांच के दौरान सूरज के दो खातों में 46.25 लाख और 20 लाख रुपये, जबकि यतेंद्र के खाते में 20 लाख रुपये पहुंचे थे।
पुलिस ने इनमें से 20 लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं।पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक मामले की शिकायत सेक्टर-21 निवासी व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने 18 मई 2026 को गूगल पर क्यूओआरए डॉट कॉम से जुड़ा ऑनलाइन निवेश का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात व्यक्ति का संदेश आया। उसने खुद को संबंधित प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताया। इसके बाद आरोपी ने जूम पर मीटिंग कर निवेश में अधिक मुनाफे का झांसा दिया। पीड़ित का ऑनलाइन अकाउंट खुलवाकर उससे अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई गई। 18 जून से आठ जुलाई के बीच पीड़ित ने कुल 2.44 करोड़ 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायत के बाद साइबर थाना एनआईटी ने तकनीकी जांच शुरू की। बैंक खातों की पड़ताल में आरोपियों की भूमिका सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सूरज के खातों से संबंधित दूसरे राज्यों में सात-आठ साइबर शिकायतें भी मिली हैं। दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले और दोस्त हैं। सूरज 10वीं तक पढ़ा है और निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि यतेंद्र बेरोजगार है। अदालत ने दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।


