आरती और मोहम्मद अता एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दिखाएंगे कमाल
-चीन में होनी है यह प्रतियोगिता---- फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। चीन में 9 जुलाई से

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। चीन में 9 जुलाई से शुरू होने वाली एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में फरीदाबाद के दो खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। लंबी कूद के उभरते खिलाड़ी मोहम्मद अता साजिद और रेसवॉक खिलाड़ी आरती भड़ाना का भारतीय टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है और उनसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की उम्मीद जताई जा रही है। मोहम्मद अता साजिद पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में अपनी चुनौती पेश करेंगे। हाल ही में उन्होंने 7.90 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई है, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
वह रांची में संपन्न हुई एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा मई 2026 में आयोजित 29वीं सीनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था। वहीं वर्ष 2025 की साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। वहीं दूसरी ओर आरती भड़ाना 21 किलोमीटर रेसवॉक स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आरती एक उभरती हुई रेसवॉकर हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप और एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इस वर्ष उन्होंने हाफ मैराथन रेसवॉक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 1.43 घटे का समय दर्ज किया है। मोहम्मद अता के पिता साजिद हुसैन भारतीय नौसेना में पेटी अधिकारी थे और लंबी कूद के खिलाड़ी रहे हैं। वहीं आरती के पिता बीके अस्पताल में एक एंबुलेंस चालक हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


