मृत शिशु के जन्म के बाद अनुमंडलीय अस्पताल में हंगामा, तोड़फोड़
बगहा। अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म के बाद परिजनों ने हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ की और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना के बाद डॉक्टरों ने एक घंटे तक काम बंद रखा और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामला जांचाधीन है।

बगहा। अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में शुक्रवार को प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने लेबर रूम में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे लैपटॉप, टेबल समेत अन्य सरकारी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। तोड़फोड़ और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में डॉक्टरों व अन्य चिकित्सा कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कार्य का बहिष्कार किया, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
घटना का प्रकरण
जानकारी के अनुसार चौतरवा निवासी रितेश कुमार की पत्नी ज्योति देवी जिसका मयका नगर थाना क्षेत्र के चखनी गांव में है। शुक्रवा को प्रसाव पीडा के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल में लाया गया था। महिला का अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव कराया जा रहा था। प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म की सूचना मिलते ही परिजन भड़क उठे। उन्होंने डॉक्टरों और जीएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण नवजात की मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया
हंगामे के दौरान परिजनों ने लेबर रूम में रखे सरकारी उपकरणों, लैपटांप और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया तथा अस्पताल के कुछ अभिलेख भी अस्त-व्यस्त कर दिए। सूचना पर नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इधर, अस्पताल प्रबंधन ने चिकित्सा कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में लिखित शिकायत दी है। प्रबंधन ने करीब एक घंटा तक अस्पताल की सेवाओं को ठप कर दिया। जिससे अस्पताल में भर्ती अप्य मरीजें को परेशानी का सामना करना पडा। वहीं मृत शिशु के परिजनों ने भी चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए आवेदन सौंपा है। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने भी घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को भेज दी है।


