परिवार नियोजन अपनाने से मातृ मृत्यु दर में आएगी कमी
परिवार नियोजन अपनाने से मातृ मृत्यु दर में कमी आएगी। विश्व जनसंख्या दिवस पर, सीएस डा. विंदेश्वरी रजक ने बताया कि इस स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य परिवार नियोजन सेवाएं बढ़ाना और जागरूकता विकसित करना है। वे ऐसा करने से मातृ मृत्यु दर में 20-30 प्रतिशत कमी को संभव मानते हैं।

परिवार नियोजन अपनाने से मातृ मृत्यु दर में आएगी कमी बोले सीएस, जब तन और मन से सही तैयारी हो तभी योग्य उम्र पर मां बने
विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवारा
विश्व जनसंख्या दिवस पर कैमूर सदर अस्पताल परिसर में शनिवार को परिवार नियोजन सह स्वास्थ्य मेला शुरू होगा। जिले में ऐसा मेला 31 जुलाई तक चलेगा। मेला परिसर में परिवार नियोजन की अस्थायी विधि सामग्री बंटी तथा बीपी, शुगर, आंख, टीबी जांच, आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उद्घाटन सीएस डॉ. विंदेश्वरी रजक एवं एसीएमओ डॉ. एसके मांझी ने किया। सीएस ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, समुदाय में जागरूकता विकसित करना तथा योग्य दंपतियों को उनकी आवश्यकता एवं पसंद के अनुसार सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एव स्वैच्छिक परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराना है। सीएस ने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रजनन अधिकार, सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ शिशु, आर्थिक सशक्तिकरण एवं सतत विकास का महत्वपूर्ण आधार है। इससे मातृ मृत्यु दर में 20—30 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती हैं। दो गर्भधारण के बीच उचित अंतराल रखने से नवजात एवं शिशु मृत्यु दर में भी उल्लेखनीय कमी आती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति, बच्चों की शिक्षा तथा महिलाओं के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार होता है।
दंपती संपर्क अभियान
जिले में तीन से 10 जुलाई तक दंपती संपर्क अभियान चलाया गया, जिसमें आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, गर्भधारण के स्वस्थ समय एवं अंतराल तथा उपलब्ध सरकारी सेवाओं की जानकारी दी गई है। प्रभारी, स्वास्थ्य प्रबंधकों, आशा एवं एएनएम को निर्देशित किया है कि योग्य दंपतियों की समय पर पहचान, गुणवत्तापूर्ण परामर्श, इच्छुक लाभार्थियों का पंजीकरण, सेवा उपलब्धता तथा अनुवर्ती देखभाल सुनिश्चित की जाए। मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह, डीपीएम ऋषिकेश जायसवाल, डैम प्रभात कुमार, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक पियुष उपाध्याय, पिरामल जिला प्रबंधक, प्रतिनिधि आदि थे। कैप्शन- विश्व जनसंख्या दिवस पर शनिवार को सदर अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन करते सिविल सर्जन डॉ. विंदेश्वरी रजक व अन्य।


