बुलंदशहर: झगड़े के दौरान बुजुर्ग की मौत
जहांगीराबाद नगर के मोहल्ला पाठक में पारिवारिक विवाद के चलते दो पक्षों में मारपीट हुई। 60 वर्षीय सलीम की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। उनके बेटे जुनैद ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जहांगीराबाद नगर के मोहल्ला पाठक की दरबार बैंड वाली गली में शनिवार रात पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान सलीम (60 वर्ष) की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने बुलंदशहर रेफर कर दिया। बुलंदशहर ले जाते समय रास्ते में सलीम की मौत हो गई। बताया गया कि सलीम ने कुछ दिन पहले अपने चचेरे भाई नन्हे के बेटे सरफराज की शादी कराई थी। सरफराज की पत्नी शादी के बाद मायके चली गई थी। उसके वापस नहीं आने को लेकर नन्हे, सरफराज और परिवार के लोग सलीम पर दबाव बना रहे थे।
इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद हो गया। मृतक के बेटे जुनैद ने पांच लोगों को नामजद करते हुए गला दबाकर हत्या के प्रयास की तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।

