दुबई गए युवक का एक वर्ष से नहीं चल रहा पता, डीएम से गुहार
देवरिया में एक युवक, हंसू शाह, जो आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए दुबई गए थे, एक वर्ष से अपने परिवार से संपर्क नहीं कर रहे हैं। उनकी पत्नी और अन्य परिजन अधिकारियों से मदद मांग रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
देवरिया, निज संवाददाता। घर की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए दुबई गए एक युवक का एक वर्ष से परिजनों से संपर्क न होने के चलते पत्नी व परिवार के अन्य लोग परेशान हैं।
परिवार की चिंता
बुधवार को डीएम समेत अन्य अधिकारियों से मिलकर परिवार के लोगों ने युवक की तलाश कराने की मांग की। उधर पत्नी डीएम से मिलकर बाहर निकलते ही फफक पड़ी। उसे रोता देख वहां मौजूद परिजन भी अपने आंखों के आंसू नहीं रोक पाए।
युवक की दुबई यात्रा
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्र मुंडेरा के रहने वाले हंसू शाह तीन वर्ष पहले कुशीनगर जनपद के रहने वाले एक एजेंट से मुलाकात किए और विदेश भेजने की बात कही। जिससे घर की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उसने रुपये लेकर इन्हें दुबई भेज दिया।
परिजनों की परेशानी
पत्नी सोनमती देवी का कहना है कि तीन वर्ष पहले पति दुबई गए, इसके बाद लगातार उनसे बातचीत होती रही। एक वर्ष से उनसे कोई संपर्क नहीं हो रहा है। न तो वह मोबाइल पर बात करते हैं और न ही कोई रुपया भेजते हैं। जिसके चलते हम लोग परेशान हैं। कई बार एजेंट से भी हम लोगों ने मुलाकात की, लेकिन वह ठीक से जवाब नहीं दे रहा है।
शासन से मदद की मांग
पुलिस थाने में भी मेरे तरफ से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई या पहल नहीं की गई है। मेरे पति के बारे में जिला प्रशासन विदेश मंत्रालय से संपर्क कर कोई ठोस जानकारी दें। जिससे यह पता चल सके कि मेरे पति कहां हैं और किस हाल में हैं। परिजन जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर हंसू को स्वदेश बुलाने की मांग कर रहे हैं।


