वेनेजुएला में राकेश की मौत के मामले में एएसपी से मिले पिता व पत्नी

हिन्दुस्तान, देवरिया
Follow us on Google News
share

भलुअनी(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। वेनेजुएला से मर्चेंट नेवी कर्मी के आए शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट

वेनेजुएला में राकेश की मौत के मामले में एएसपी से मिले पिता व पत्नी

भलुअनी(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। वेनेजुएला से मर्चेंट नेवी कर्मी के आए शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मस्तिष्क, हृदय, फेफड़ा समेत अन्य आतंरिक अंग गायब होने के मामले में अभी तक कार्रवाई या ठोस आश्वासन न मिलने के चलते परिजन हर दिन सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। मंगलवार को पत्नी व पिता एसपी कार्यालय पहुंचे और दोषियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग उठाई। एएसपी ने कंपनी के जिम्मेदारों से जल्द बात करने का भी उन्हें आश्वासन दिया।भलुअनी थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर (लगड़ा बाजार) के रहने वाले राकेश चौहान (33) पुत्र रामदेव आठ वर्ष पहले मर्चेंट नेवी में गए।

उनके मर्चेंट नेवी में जाने के बाद परिवार की स्थिति मजबूत होने लगी। नवंबर माह 2025 में वेनेजुएला गए थे। परिजनों के अनुसार वह अपने पिता व परिवार के लोगों से हर दिन बात करते थे, जब छह मई को उनका फोन घर नहीं आया तो पिता ने सात मई को फोन किया। जिस पर सूचना दी गई कि एक हादसे में वह घायल हो गए हैं, उपचार चल रहा है। चार घंटे बाद बताया गया कि हालत गंभीर है और कुछ घंटे बाद ही उनकी मृत्यु की सूचना दी गई। इसके बाद परिवार के लोग शव मंगाने में जुट गए। 4 जून की रात शव देवरिया आया और पुन: डीएम के निर्देश पर चिकित्सकों की तीन सदस्यीय कमेटी ने वीडियो रिकार्डिंग के बीच पोस्टमार्टम किया। राकेश के पिता रामदेव ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव में मस्तिष्क, हृदय, दोनों फेफड़े, लीवर, दोनों गुर्दे, प्लीहा, अग्न्याशय, पेट और आंतें सहित कई प्रमुख आंतरिक अंग नहीं मिले। इसके अलावा थायरायड, हायाइड, लैरिंक्स और ट्रेकिया भी अनुपस्थित थे। शरीर पर गर्दन से जघनास्थि तक लगभग 60 सेंटीमीटर लंबे चीरे पर 22 टांके व एक कान से दूसरे कान तक सिर के पीछे लगभग 20 सेंटीमीटर लंबे चीरे पर 21 टांके लगे मिले। पत्नी रंजना चौहान व पिता रामदेव लगातार डीएम मधुसूदन हुल्गी व एसपी अभिजीत आर शंकर से मुलाकात कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह मामला वेनेजुएला दूतावास के साथ ही विदेश मंत्री, प्रमुख सचिव गृह यूपी तक भी पहुंच चुका है। बावजूद इसके परिजनों को कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। मंगलवार को एक बार फिर पत्नी रंजना व पिता रामदेव एसपी कार्यालय पहुंचे और एएसपी सुनील कुमार सिंह से मुलाकात की। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गायब अंग के मामले में केस दर्ज करने की मांग की। साथ ही आर्थिक सहायता व संबंधित कंपनी पर भी कार्रवाई की मांग की। लगभग एक घंटे तक एएसपी ने उनकी बातों को सुना और जल्द ही कंपनी के अधिकारियों से बातचीत करने की बात कही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।