कानपुर में धर्म परिवर्तन से इनकार पर घर में घुसकर पीटा, तीन पुलिस कर्मियों पर गिरी गाज
गुजैनी के रामगोपाल चौराहा कच्ची बस्ती में एक परिवार को धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर पड़ोसियों द्वारा पीटा गया। पुलिस कार्रवाई में कई आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। बस्ती में तनाव बढ़ने पर हिंदूवादी संगठनों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया। प्रारंभिक जांच में बस्ती के माहौल को लेकर पुलिस ने जिम्मेदार कर्मियों को सस्पेंड किया।

कानपुर, दक्षिण संवाददाता। गुजैनी के रामगोपाल चौराहा कच्ची बस्ती में धर्म परिवर्तन से इनकार करना एक परिवार को भारी पड़ गया। लाठी-डंडों से लैस पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय के लोगों ने घर में धावा बोल दिया और पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा। मारपीट के बाद शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना से खफा बस्ती के लोगों ने हिन्दूवादी संगठनों को जानकारी दी। आनन-फानन में विहिप व बजरंग दल के सैकडो कार्यकर्ताओं ने गुजैनी थाना घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। उधर, लापरवाही बरतने की गाज तीन पुलिस कर्मियों पर गिरी। डीसीपी साउथ ने नाइट अफसर अवधेश कुमार को सस्पेंड कर दिया जबकि गुजैनी चौकी प्रभारी राम मनोहर पटेल और सिपाही दिलीप शर्मा को चौकी से हटा दिया। पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों में मुख्य आरोपित शीबू को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है。
धर्म परिवर्तन पर दबाव
मूलरूप से जालौन निवासी चालक सोनू पिछले दो वर्ष से पत्नी रीता और बेटे विशाल के साथ कच्ची बस्ती में रह रहे हैं। पत्नी रीता के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले लोग काफी समय से परिवार पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे। इनकार करने पर कई बार दूसरे समुदाय के लोगों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। घर के पास धार्मिक स्थल का निर्माण शुरू करने के विरोध पर सोमवार रात विवाद हुआ था। आरोप है कि धर्म परिवर्तन से इंकार करने की खुन्नस पाले करीब एक दर्जन लोगों ने घर में धावा बोल दिया और मारपीट की। पति सोनू और बेटे को बचाने के लिए वह बीच बचाव करने पहुंची तो उन्हें भी पीटा गया। क्षेत्रीय लोगों के आने पर किसी तरह जान बची। धर्मांतरण की जानकारी मिलते ही गुजैनी थाने में विहिप व बजरंग दल के सैकडो कार्यकर्ता पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने दोषियों की गिरफ्तारी के साथ सख्त कार्रवाई को लेकर थाने का घेराव किया और नारेबाजी कर जमकर हंगामा किया। थाना घेराव की सूचना पर नौबस्ता एसीपी अभिषेक कुमार सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं को शांत कराया। नौबस्ता एसीपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर शमीम खान, शीबू, सोहेल खान, फुरकान, फारुख, जेबा समेत आठ नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शीबू को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
---------------------
कोट--
प्रारंभिक जांच में दीवार बनाने को लेकर विवाद और मारपीट की बात सामने आ रही है। हालांकि पीड़िता ने धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इसकी जांच कराई जा रही है। घटना में लापरवाही बरतने पर रात्रि अधिकारी दरोगा अवधेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है जबकि चौकी प्रभारी राम मनोहर पटेल और सिपाही दिलीप शर्मा को हटा दिया गया है। मुख्य आरोपित शीबू समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी साउथ
महिला का आरोप
चौकी इंचार्ज बोला, हम क्या करें...रात हो गई अब घर निकलो
रीता के मुताबिक, धर्म परिवर्तन से इनकार पर आस-पास रहने वाले दूसरे समुदाय के लोग बदले की आग में झुलस रहे थे। उनकी धमकियों से परेशान होकर घर से निकलना बंद कर दिया था। सोमवार रात विवाद के बाद वह किसी तरह घर से निकलकर गुजैनी चौकी पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। आरोप है कि चौकी प्रभारी राम मनोहर पटेल ने कहा, हम क्या करें...रात हो गई अब घर निकलो, कल देखेंगे। चौकी इंचार्ज ने क्रास मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव भी बनाया। चौकी इंचार्ज की यह बात जैसे ही बस्ती वालों को पता चली तो वे भड़क गए और उन्होंने हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी। थाने पहुंचे हिन्दू संगठन के सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने की मांग कर जमकर नारेबाजी की।
-------------------------
बस्ती का माहौल
दोनों तरफ से नारेबाजी, माहौल बिगड़ते बचा
दूसरे संप्रदाय के लोगों ने सोनू के परिवार पर हमला किया तो यह बात बस्ती में आग की तरह फैल गई। इससे नाराज दूसरे पक्ष से सैकड़ो लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने भी नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों तरफ से नारेबाजी व हो-हल्ला से माहौल और ज्यादा गर्म हो गया। गनीमत रही कि रामगोपाल चौराहा कच्ची बस्ती में पुलिस फोर्स ने मोर्चा संभाला और किसी तरह लोगों को शांत कराया।
धर्मांतरण का मामला
-------
बीमारी दूर करने का झांसा दे घर में बनवा दी मजार
- आरोप, धर्म बदलो अल्लाह तुम्हारी हर दुआ कबूल करेगा
- नमाज पढ़ने व पत्नी को बुर्का पहनाने का बनाया दबाव
कानपुर, दक्षिण संवाददाता। गुजैनी के रामगोपाल चौराहा के पास स्थित वरुण विहार कच्ची बस्ती निवासी सोनू जाटव ने डीसीपी दक्षिण से शिकायत कर आरोप लगाया कि वह जालौन के शेखूपुर गुढ़ा गांव से करीब दो वर्ष पहले परिवार के साथ वरुण विहार कच्ची बस्ती में रहने आया था। उसके परिवार में पत्नी रीता, दो बेटे विशाल व राजा और बेटी परी हैं। बच्चों के लगातार बीमार रहने से परेशान होने के कारण वह यहां रहने आया था। इसी दौरान बस्ती में रहने वाले शमीम और उसके परिवार से उनकी नजदीकियां हो गईं। अपनी परेशानी का जिक्र करने पर उसने कहा कि घर में मजार बनवा लेने से उसकी समस्या दूर हो जाएगी। आरोप है कि आरोपित ने धर्म परिवर्तन करो अल्लाह तुम्हारी हर दुआ कबूल करेगा की बात कही। आरोप है कि इसके बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध घर के अंदर मंदिर के बगल में मजार बनवा दी गई। सोनू के मुताबिक कुछ समय बाद आरोपित उसे जबरन नमाज पढ़ने के लिए ले जाने लगे। यहां तक कि पत्नी पर बुर्का पहनने का दबाव भी बनाया जाता था। लगातार दबाव और अक्सर घर के अंदर उनकी धार्मिक गतिविधियों में परेशान हो गया था। उसने जब घर के अंदर बनी मजार को हटाने की बात कही तो आरोपित भड़क गए। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपितों ने उसे और उसके परिवार के साथ मारपीट की। घटना के बाद बस्ती में तनाव को लेकर फोर्स तैनात कर दिया गया है।
परिवार की प्रतिक्रिया
आक्रोशित परिवार ने घर में बनी मजार तोड़ी
गुजैनी के रामगोपाल चौराहा के पास वरुण विहार कच्ची बस्ती में मारपीट की घटना के बाद आक्रोशित परिवार ने घर में बनी मजार को तोड़ दिया। परिवार के लोगों का आरोप है कि, घर में उनकी मर्जी के बगैर मजार बनवाई गई थी। मामले को लेकर परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
सामाजिक संगठनों की भूमिका
हल्की धाराओं में मुकदमे पर भड़के
धर्म परिवर्तन मामले में हल्की धाराओं में कार्रवाई करने का आरोप लगाकर विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कई बार गुजैनी थाने का घेराव किया। सभी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल डीसीपी दक्षिण कार्यालय पहुंचा और पुलिस की कार्यशैली को लेकर शिकायत की। मामले की जानकारी पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह परिहार, सत्येंद्र द्विवेदी, विश्व हिंदू परिषद के रवि मिश्रा, बउवा दुबे, दीपू और हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक मयंक त्रिपाठी, सौरभ शर्मा, अमित शर्मा, विशाल बजरंगी, विकास शुक्ला, चेतन सोनी, आयुष गौतम, आर्यन मिश्रा, प्रेम निषाद और संदीप त्रिपाठी समेत तमाम कार्यकर्ता पहुंच गए।
पूर्व की घटनाएं
पांच साल पहले भी हुआ था घेराव
रामगोपाल चौराहा स्थित कच्ची बस्ती में धर्मांतरण के आरोप को लेकर करीब पांच साल पहले वर्ष 2021 में भी इसी तरह बवाल हुआ था। उस समय भी मामले को लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। 11 अगस्त 2021 को धर्मांतरण कराने का आरोप लगाकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर रिक्शा चालक अशरफ अहमद ने मारपीट का आरोप लगाया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने डीसीपी दक्षिण कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया था।


