फर्जी रेलवे कार्ड दिखाकर यात्रा करने वाला फर्जी टीटीई गिरफ्तार
मैनपुरी में जीआरपी पुलिस ने फर्जी टीटीई बनकर यात्रा कर रहे आरोपी सुखदेव भदौरिया को गिरफ्तार किया। उसके पास से तीन फर्जी रेलवे कार्ड और चोरी के मोबाइल मिले। आरोपी ट्रेनों में सोते यात्रियों का सामान चुरा रहा था। मामले की जांच के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

मैनपुरी। समर स्पेशल बड़ोदरा, मैनपुरी, गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में फर्जी टीटीई बनकर यात्रा कर रहे शातिर को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तीन रेलवे के फर्जी कार्ड मिले। जिन्हें दिखाकर वह टीटीई बनकर ट्रेन में यात्रा करता था और मौका पाते ही यात्रियों के मोबाइल तथा अन्य सामान चोरी करके भाग निकलता था। मुकदमा दर्ज करके उसे जेल भेजा गया है। बड़ोदरा से चलकर वाया मैनपुरी, फर्रुखाबाद गोरखपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में फर्जी टीटीई यात्रा कर रहा है। इसकी जानकारी मैनपुरी जीआरपी पुलिस को मिली तो जीआरपी थाने के उप निरीक्षक बृजपाल सिंह ने अपनी टीम के साथ फर्जी टीसी की तलाश शुरू कर दी।
उसे मैनपुरी फर्रुखाबाद रेलवे लाइन पर बड़ोदरा एक्सप्रेस ट्रेन से नीव करोली रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी तलाशी में मोबाइल, तीन रेलवे कार्ड बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम सुखदेव भदौरिया पुत्र अहिवरन भदौरिया निवासी पतरा, मितौली थाना गुरसहायगंज जनपद कन्नौज बताया। मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे जेल भेजा गया है। पूछताछ में आरोपी ने जानकारी दी कि वह ट्रेन में सोने वाले यात्रियों के सामान विशेष रूप से चोरी करता था।


