दुबई से लौटा, दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। फर्जी पासपोर्ट के सहारे दुबई की यात्रा करके लौटने वाले

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। फर्जी पासपोर्ट के सहारे दुबई की यात्रा करके लौटने वाले युवक को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली में पकड़ लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन की सूचना पर जिले की पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को लेकर जिले में आई। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ की।
पुलिस की जांच
तत्कालीन एसपी सत्यजीत गुप्ता ने पासपोर्ट सत्यापन में अनियमितता की शिकायत पर पूर्व सीओ अंशुमान मिश्रा से जांच कराई थी। जांच में वर्ष 2020-21 में कुल 101 पासपोर्ट के सत्यापन में हेराफेरी का मामला सामने आया था। 96 ऐसे लोगों को पासपोर्ट सत्यापित कर दिया गया था,जो दर्शाए गए पते पर रहते ही नहीं थे। वे लोग दूसरे जिले के निवासी है। इनमें कई लोगों का नाम पता गलत दर्शाया गया था। इसके अलावा कई ऐसे लोगों का पासपोर्ट सत्यापित कर दिया, जिस पर आपराधिक केस दर्ज है। 47 लोग गलत नाम पते पर पासपोर्ट बनवा कर कांगों,दुबई, बैंकाक, कुवैत, इराक, थाईलैंड, सऊदी आदि देशों में चले गए है। ऐसे कुछ लोगों को चिन्हित कर पकड़ने के लिए पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।
आरोपी की पहचान
विवेचक सीओ सदर प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि लुक आउट सर्कुलर के जरिए 08 जुलाई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली पर उतरने के बाद अधिकारियों ने फर्जी पासपोर्ट के सहारे दुबई की यात्रा कर लौटने वाले आरोपी विजय शुक्ला पुत्र महेंद्र शुक्ला निवासी इमिल़डीहा कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर स्थाई पता मोरवन थाना रामकोला जनपद कुशीनगर को पकड़ लिया।
कानूनी कार्रवाई
सूचना के बाद बरदहिया बाजार चौकी इंचार्ज अनिल कुमार यादव,कांस्टेबल दुर्गेश कुमार को दिल्ली भेजा गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस टीम आरोपी को लेकर शुक्रवार को जिले में लौटी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन का रहने वाला है। पूर्व में उसके खिलाफ रामकोला थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। वह एमबीए किया है और उसे दुबई में अच्छा पैकेज पर नौकरी का ऑफर मिला। मुकदमा दर्ज होने की वजह से कुशीनगर से उसका पासपार्ट नहीं बन पाया। इसी वजह से संतकबीरनगर जिले के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के इमिल़डीहा के फर्जी पते से बिचौलिए से मिलीभगत करके पासपोर्ट बनवा कर दुबई गया था.
दुबई से लौटा तो दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करके भष्ट्राचार निवारण कोर्ट बस्ती कोर्ट भेजा गया,जहां से न्यायिक अभिरक्षा में लेकर कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया。


