कंबोडिया से आ रहा था नकली सिगरेट का माल, रोज 50 लाख की सप्लाई

हिन्दुस्तान, मेरठ
share

बंद पड़े कॉलेज की इमारत में नकली सिगरेट का कारोबार चल रहा था, जिसका दैनिक मुनाफा 50 लाख रुपये तक था। यह सिगरेट केवल मेरठ तक नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस और आईटीसी की कार्रवाई में फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ, जिससे कंबोडिया से जुड़ी सामग्रियों का खुलासा हुआ।

कंबोडिया से आ रहा था नकली सिगरेट का माल, रोज 50 लाख की सप्लाई

बंद पड़े कॉलेज की इमारत में दो महीने से नकली सिगरेट का ऐसा कारोबार चल रहा था, जिसकी सप्लाई रोजाना करीब 50 लाख रुपये तक पहुंच चुकी थी। फैक्ट्री में तैयार नकली सिगरेट सिर्फ मेरठ और आसपास के बाजारों तक सीमित नहीं थी, बल्कि उत्तर प्रदेश के साथ दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक भेजी जा रही थी। पुलिस और आईटीसी कंपनी की संयुक्त कार्रवाई में फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद जांच में इसके तार कंबोडिया तक जुड़े होने का खुलासा हुआ है। सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाला विशेष रैपिंग पेपर और फिल्टर सामग्री कंबोडिया से मंगाई जा रही थी, जबकि घटिया तंबाकू राजस्थान से पहुंचाया जा रहा था। आईटीसी कंपनी के अधिकारी रिशु मिश्रा के मुताबिक फैक्ट्री में बरामद माल और मशीनरी की कीमत करीब दस करोड़ रुपये आंकी गई है। इस खुलासे के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कंबोडिया से माल भारत तक पहुंचाने वाला नेटवर्क कौन संचालित कर रहा था और तैयार नकली सिगरेट को अलग-अलग राज्यों के बाजारों तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका थी。

बाजार में घटती बिक्री ने खोला नकली कारोबार का राज

ब्रांडेड सिगरेट की बिक्री में अचानक गिरावट और बाजार में समानांतर सप्लाई की शिकायतों के बाद आईटीसी कंपनी की मार्केटिंग टीम ने पड़ताल शुरू की। कंपनी के अधिकारियों ने करीब एक माह तक दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाजारों में संदिग्ध माल की आवाजाही पर नजर रखी। इसी दौरान दिल्ली के सदर बाजार में एक कंटेनर पकड़ा गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई तो उसके जरिए दूधली खादर में चल रही नकली सिगरेट फैक्ट्री तक सुराग पहुंचा। जानकारी पुख्ता होने के बाद आईटीसी कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस और दिल्ली पुलिस के सहयोग से गुरुवार रात बंद पड़े कॉलेज की इमारत में दबिश दी। मौके से दिल्ली निवासी रवि किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया। फैक्ट्री से करीब दस करोड़ रुपये कीमत की गोल्ड फ्लैक ब्रांड की नकली सिगरेट, कच्चा माल और अत्याधुनिक मशीनें बरामद की गईं।

बंद कॉलेज बना नकली सिगरेट का अड्डा

जिस इमारत में यह कारोबार चल रहा था, वहां डिग्री कॉलेज संचालित होता था। संसाधनों और विद्यार्थियों की कमी के चलते कॉलेज करीब एक साल से बंद था। इमारत के स्वामी एसपी सिंह के मुताबिक कॉलेज बंद करने के बाद उसे स्थानांतरित करने के संबंध में विश्वविद्यालय को पत्र भेजा गया था। उनका कहना है कि बाद में इमारत दिल्ली निवासी रवि किशोर को डेयरी और मशरूम की खेती के लिए लिखित समझौते के तहत किराये पर दी गई थी।

पूछताछ में सामने आए कई नाम, असली आका की तलाश

थानाध्यक्ष कमल शंकर त्रिवेदी ने बताया कि गिरफ्तार रवि किशोर से पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि पूरे नेटवर्क का संचालन किसी अन्य व्यक्ति के इशारे पर किया जा रहा था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

करोड़ों का माल, करोड़ों की टैक्स चोरी

नकली सिगरेट फैक्ट्री से बरामद माल और सामने आई सप्लाई चेन ने पूरे मामले को बड़े आर्थिक अपराध का रूप दे दिया है। रोजाना करीब 50 लाख रुपये के माल की सप्लाई और करोड़ों रुपये की संभावित जीएसटी चोरी ने जांच एजेंसियों का फोकस फैक्ट्री से आगे पूरे नेटवर्क पर कर दिया है।

वर्जन -----

आरोपी कंबोडिया से सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान मंगवाता था। मामले में कई करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की बात सामने आई है। संबंधित सभी विभाग अपने स्तर से जांच कर रहे हैं। मुख्य आरोपी की तलाश जारी है, जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- अभिजीत कुमार, एसपी देहात

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦नकली सिगरेट की फैक्ट्री में कितनी रकम का माल बरामद हुआ?−
करीब दस करोड़ रुपये कीमत की गोल्ड फ्लैक ब्रांड की नकली सिगरेट, कच्चा माल और अत्याधुनिक मशीनें बरामद की गईं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsकंबोडिया से आ रहा था नकली सिगरेट का माल, रोज 50 लाख की सप्लाई