बीआरएबीयू के नाम पर बनी फर्जी डिग्री बंगाल में पकड़ी गई
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के नाम पर बनी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की फर्जी डिग्री पश्चिम बंगाल के पूर्वी वर्धमान जिले में पकड़ी गई। पुलिस के सत्यापन में डिग्री की तारीख, हस्ताक्षर और प्रारूप गलत पाए गए। इससे पहले गुजरात, पंजाब, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिग्रियां सामने आई थीं। रोकथाम के लिए डिग्री पर लोगो और वाटरमार्क शुरू किए गए।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के नाम पर बनी फर्जी डिग्री पश्चिम बंगाल के पूर्वी वर्धमान जिले में पकड़ी गई है। पुलिस जांच में इसका खुलासा हुआ है। डिग्री के सत्यापन के लिए पश्चिम बंगाल की पुलिस बुधवार को बीआरबीयू पहुंची थी। पुलिस ने विवि प्रशासन से डिग्री की सत्यता जाननी चाहिए। इसके बाद डिग्री की जांच की गई, जिसमें डिग्री फर्जी पायी गई।
पश्चिम बंगाल में फर्जी डिग्री का खुलासा
बीआरएबीयू के नाम पर स्त्री व प्रसूती रोग विशेषज्ञ की डिग्री बनाई गई है। बीआरएबीयू में मेडिकल की पढ़ाई नहीं होती है। पश्चिम बंगाल की पुलिस ने बताया कि आरोपी डॉक्टर पर बंगाल के पूर्वी वर्धमान जिले में कई मुकदमे दर्ज हुए हैं, इसी सिलसिले में डॉक्टर की डिग्री की जांच की गई।
बीआरएबीयू में आने से पहले बंगाल पुलिस ने विवि प्रशासन को पत्र लिखा था। अपने पत्र में बंगाल पुलिस ने कहा था कि विवि प्रशासन डॉक्टर की डिग्री की जांच कर ले और डॉक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर भी बंगाल पुलिस को भेजे। फर्जी डिग्री पर जारी करने की तारीख वर्ष 2014 अंकित है। बंगाल पुलिस ने डिग्री के फार्मेट और हस्ताक्षर की भी जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। जांच के बाद डिग्री के हस्ताक्षर और फार्मेट दोनों गलत पाए गए।
अन्य राज्यों में भी सामने आए फर्जी डिग्री के मामले
गुजरात में पकड़ी गई थी 50 से अधिक फर्जी डिग्री:
बीआरएबीयू के नाम पर इससे पहले भी फर्जी डिग्री बनाने के मामले सामने आ चुके हैं। पिछले वर्ष गुजरात पुलिस होम्योपैथिक की फर्जी डिग्री मिलने पर जांच के लिए विवि भी पहुंची थी। गुजरात पुलिस के आने के बाद बीआरएबीयू में हड़कंप मच गया था। गुजरात पुलिस ने 50 से अधिक होम्योपैथिक की डिग्रियों पर संदेह जताया गया था। इसके बाद विवि में जांच में सभी डिग्री फर्जी पायी गयी थीं। गुजरात के अलावा पंजाब में भी बीआरएबीयू के नाम पर कई फर्जी डिग्रियां मिल चुकी हैं।
इंजीनियरिंग डिग्री और सुरक्षा उपाय
पिछले साल मिली थी इंजीनियरिंग की फर्जी डिग्री:
दूसरे राज्यों के अलावा एमआईटी के नाम पर बनी कई डिग्रियां फर्जी पायी गयी हैं। पिछले वर्ष भी एक छात्र की डिग्री फर्जी मिली थी। सत्यापन के बाद विवि प्रशासन ने इंजीनियरिंग की डिग्री को फर्जी बताया था। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बीआरएबीयू के नाम पर फर्जी डिग्री बनाने का मामला सामने आ चुका है। वर्ष 2020 में फर्जी डिग्री के काम को रोकने के लिए विवि प्रशासन ने डिग्री पर लोगो और वाटर मार्क का इस्तेमाल शुरू किया, ताकि कोई भी गड़बड़ी डिग्री के साथ नहीं हो सके। इसी वर्ष डिग्री के फार्मेट को भी बदला गया था।


