पटना के आधार सेंटर कर्मी के लॉगिन से बना बांग्लादेशी-अफगानी का आधार
फॉलोअप -इसी आधार कार्ड के जरिए बनवाए गए कई विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट - पटना

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। मोतीझील के श्यामनंदन रोड में पकड़े गए फर्जी आधार सेंटर मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। यहां पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित एक बैंक में संचालित आधार सेंटर में कार्यरत कर्मी के लॉगिन और पासवर्ड से सैकड़ों फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। इसी फर्जी आधार के जरिए बांग्लादेशी और अफगानी नागरिकों के पासपोर्ट तक निर्गत कराए गए हैं।
पुलिस की कार्रवाई
एसडीपीओ नगर-एक सुरेश कुमार ने बताया कि पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित एक बैंक में वी टेक्नोलोजी एजेंसी का आधार सेंटर है। इसके कर्मी शिवकुमार पंडित ने यूआईडीएआई मशीन, सॉफ्टवेयर लॉगिन और पासवर्ड अलग-अलग फर्जी आधार सेंटर संचालक को दे दिया था। मुजफ्फरपुर में कन्हाई मिश्रा द्वारा संचालित फर्जी सेंटर पर पटना के कर्मी शिवकुमार का लॉगिन व पासवर्ड मिला है। इस लॉगिन को चालू करते ही ओटीपी शिवकुमार पंडित के मोबाइल पर जाता था, जिसे वह कॉल करके फर्जी आधार सेंटर संचालक को उपलब्ध कराता है। इस तरह फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनता था। बताया जा रहा है कि पिछले तीन साल से यहां पटना के कर्मी के लॉगिन से काम चल रहा था। ऐसे में सैकड़ों फर्जी आधार बनने का अंदेशा जताया जा रहा है।
पैसे के लोभ में फर्जी सेंटर को दे दिया लॉगिन
पुलिस सूत्रों के अनुसार आधार बनाने के लिए अधिकृत कर्मी को ही लॉगिन दिया जाता है, लेकिन पैसे के लोभ में शिवकुमार ने अपना लॉगिन फर्जी सेंटर को उपलब्ध करा दिया। फर्जी सेंटर संचालक ‘आधार इनरॉल्मेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर’ पर इसी लॉगिन के जरिए आधार बनाता था। आशंका जतायी जा रही है कि नेपाल बॉर्डर के इलाकों में सक्रिय एजेंट बांग्लादेशी और अफगानी नागरिकों को लाकर इसी फर्जी सेंटर से बनवाए आधार कार्ड के आधार पर उनका पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज बनवा रहे थे।
गृह मंत्रालय पहले ही जारी कर चुका है अलर्ट
नगर थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात गुप्त सूचना पर छापेमारी कर इस फर्जी सेंटर का भंडाफोड़ किया था। मौके से लैपटॉप, फिंगर प्रिंट रीडर, आधार, राशन कार्ड और अन्य प्रमाण पत्रों से जुड़े कागजात जब्त किए गए थे। पुलिस ने पटना के उस आधार सेंटर कर्मी को भी छपरा से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब उसके संबंध में पटना की एजेंसी से जानकारी जुटाई जा रही है। बता दें कि गृह मंत्रालय पहले ही नेपाल बॉर्डर से सटे जिलों में फर्जी आधार बनाने वाले गिरोह को लेकर अलर्ट जारी कर चुका है। मुजफ्फरपुर में पहले भी इसी नेटवर्क से जुड़े दो अन्य फर्जी आधार सेंटरों का खुलासा हो चुका है।


