भीषण उमस ने किया बेहाल, चार दिन बाद बारिश के आसार
बारिश के बाद गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले तीन-चार दिनों में अधिक तापमान और उमस का अनुमान है, लेकिन बारिश की संभावना भी है, जिससे राहत मिल सकती है।

बारिश के बाद मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को बेहाल कर दिया है। प्रचंड गर्मी और उमस से दिन में जहां लोग पसीने से सराबोर हो रहे वहीं रात की नींद उड़ गई है। कूलर-पंखे की हवा काम नहीं कर रही। मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 36.3 और रात में न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन और रात में पारा सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग ने चार दिन बाद बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक कड़ी धूप निकली। दिन में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पार कर गया।
बीते दिनों हुई बारिश के बाद अब धूप ने गर्मी के साथ ही उमस बढ़ा दी है। लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले तीन-चार दिन तक धूप निकलेगी और तापमान में मामूली इजाफा हो सकता है। इससे गर्मी-उमस का असर बढ़ेगा। उसके बाद बारिश के आसार हैं जिससे गर्मी-उमस से राहत मिल सकती है।


