वीकेएसयू : एलएलबी और बीए-एलएलबी पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए तिथि पांच सितंबर तक बढ़ी
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए एलएलबी और बीए-एलएलबी पाठ्यक्रमों में आवेदन करने की तारीख को 5 सितंबर तक बढ़ा दिया है। छात्र इस संबंध में आधिकारिक समर्थ पोर्टल पर जाकर अपना फॉर्म ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए जल्दी आवेदन करने की सलाह दी गई है।

आरा। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2026-27 में एलएलबी और बीए-एलएलबी पाठ्यक्रमों में नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थियों को राहत दी है। विश्वविद्यालय ने समर्थ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि को विस्तारित करते हुए पांच सितंबर तक निर्धारित कर दिया है। इस संबंध में अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो ओम प्रकाश राय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। नामांकन के इच्छुक छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के आधिकारिक समर्थ पोर्टल पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं। गौरतलब हो कि विश्वविद्यालय अंतर्गत बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम की पढ़ाई केवल माता मंझारो अजब दयाल सिंह विधि महाविद्यालय में ही उपलब्ध है।
ऐसे में स्नातक के साथ कानून की पढ़ाई करने की चाह रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए निर्धारित तिथि से पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।


