खुखड़ी उठाने के दौरान बीअर में हाथ डालते ही हुआ विस्फोट, कलाई से आगे हाथ उड़ा ।
मेदिनीनगर से 55 वर्षीय शनिचर राम मंगलवार सुबह बीआर में हाथ डालकर खुखड़ी उठाने के प्रयास में हुए विस्फोट की चपेट में आ गए। विस्फोट के कारण उनका बायां हाथ पूरी तरह नष्ट हो गया। परिजन उन्हें करीब तीन घंटे बाद मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। अस्पताल में बेड न मिलने से वह दो घंटे बेंच पर बैठे रहे।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि । काचन गांव निवासी 55 वर्षीय शनिचर राम मंगलवार सुबह बीआर में हाथ डालकर खुखड़ी उठाने के प्रयास में हुए विस्फोट की चपेट में आ गए। विस्फोट इतना जोरदार था कि उनका बायां हाथ कलाई से आगे पूरी तरह नष्ट हो गया। गंभीर रूप से घायल शनिचर राम को परिजन करीब तीन घंटे बाद मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमआरएमसीएच) लेकर पहुंचे। शनिचर राम के अनुसार सुबह करीब छह-सात बजे वे खुखड़ी उठाने के लिए बीआर में हाथ डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए एमआरएमसीएच लाया गया। करीब नौ बजे अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी में उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद भर्ती करने के लिए उन्हें सर्जरी वार्ड भेज दिया गया।
अस्पताल में बेड की कमी
गंभीर रूप से घायल शनिचर राम को सर्जरी वार्ड में पहुंचने के बाद भी तत्काल बेड नहीं मिल सका। परिजनों के मुताबिक, बेड खाली नहीं होने के कारण वह वार्ड के बाहर बेंच पर दो घंटे से अधिक समय तक बैठे रहे। हाथ में लिपटी हुई पट्टी के साथ ही वे वार्ड के बाहर बैठे रहे।
अस्पताल प्रबंधन की प्रतिक्रिया
बेड न मिलने के मामले में अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मरीज को बेड उपलब्ध करा दिया गया। प्रबंधन के अनुसार, मरीज वार्ड अटेंडेंट तक नहीं पहुंचा था, जिसके कारण उसे तत्काल बेड नहीं मिल पाया था। बाद में जानकारी मिलने पर उसे भर्ती कर इलाज की व्यवस्था की जा रही है ।

