कोलकाता में रिहायशी इमारत में विस्फोट, एक शख्स हिरासत में
कोलकाता के पूर्वी बाहरी इलाके राजारहाट में एक विस्फोट हुआ, जिससे एक इमारत आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस का मानना है कि यह घटना देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों के कारण हुई। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दहशत फैल गई। एक व्यक्ति हिरासत में और मुख्य संदिग्ध फरार है।

कोलकाता, एजेंसी। कोलकाता के पूर्वी बाहरी इलाके में हुए विस्फोट में एक इमारत आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस को संदेह है कि यह घटना देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों के कारण हुई। शुक्रवार शाम राजारहाट के दक्षिण नारायणपुर इलाके में हुए इस विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इससे इमारत के निवासियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य संदिग्ध मोहम्मद शमीम उर्फ सलीम फरार है। वह उत्तर 24 परगना जिले के कमरहाटी का रहने वाला है।
पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा, राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और बम निरोधक दस्ते के कर्मी शनिवार को प्रभावित इमारत में तलाशी और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौके पर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार मामले की जांच के लिए एनआईए की एक टीम भी घटनास्थल का दौरा कर सकती है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हमने दो बम बरामद किए हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे सक्रिय हैं या निष्क्रिय। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें निष्क्रिय किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कई देसी बमों के अवशेष और विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।


