मध्यप्रदेश में तेल से भरे टैंकर में विस्फोट, एक की मौत
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को एक कच्चे तेल भरे टैंकर में विस्फोट हुआ। हादसे में भीम रोकड़े (45) की मौत हो गई और टैंकर चालक तथा वेल्डिंग मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह विस्फोट वेल्डिंग के दौरान हुआ था, जिसके कारण टैंकर के लोहे के टुकड़े 500 मीटर दूर तक गिरे।

खरगोन, (मप्र) एजेंसी। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को कच्चे तेल से भरे एक टैंकर में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान मगरखेड़ी निवासी भीम रोकड़े (45) के रूप में की गई है। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक भी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा जिले के कसरावद क्षेत्र के मगरखेड़ी गांव में वेल्डिंग के दौरान हुआ।
विस्फोट इतना जोरदार था कि टैंकर के लोहे के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे थे। चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में टैंकर की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ।


