इनवर्टर की बैटरी फटने से रेस्टोरेंट में लगी आग, पांच झुलसे
मुरादाबाद के अगवानपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार सुबह धमाके के साथ आग लग गई। आग लगने से दो युवक घायल हो गए और कुल पांच लोग झुलसे हैं। जांच में पता चला कि इनवर्टर की बैटरी से धमाका हुआ। पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अगवानपुर स्थित सेरुआ धरमपुर चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक रेस्टोरेंट में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। धमाका होते ही क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना पर सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन पुलिस टीम और दमकल विभाग की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआत में आशंका जताई गई कि रेस्टोरेंट में रखा गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन जांच के बाद पता चला कि इनवर्टर की बैटरी धमाके के साथ फट गई थी। इसके बाद रेस्टोरेंट में आग फैल गई।
धमाके के कारण रेस्टोरेंट के मालिक समेत बराबर की दुकान की दीवार भी गिर गई। हादसे में वहां मौजूद दो युवक घायल हो गए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन ने बताया कि घटना में कुल पांच लोग झुलसे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

