पूर्णिया के अनुभव सिंह बने फाइटर पायलट
पूर्णिया जिले के भौवा परवाल गांव के अनुभव सिंह ने भारतीय वायुसेना के फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में शिक्षा प्राप्त की और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें फ्लाइट ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया। उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।

पूर्णिया, कार्यालय प्रतिनिधि। पूर्णिया जिले के रूपौली प्रखंड अंतर्गत भौवा परवाल गांव के अनुभव सिंह ने भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट बनकर जिले का नाम रोशन किया है। अनुभव सिंह का भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन होना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पूर्णिया जिले और गांव के लिए गर्व का विषय बना हुआ है। अनुभव सिंह सेवानिवृत्त कर्नल बिभाष चंद्र सिंह एवं प्रियंका किशोरी के पुत्र हैं। उन्होंने अगस्त 2022 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के 148वें बैच में प्रवेश लिया था। यह बैच एनडीए के इतिहास में विशेष माना जाता है, क्योंकि पहली बार महिला कैडेटों को भी इसी बैच में शामिल किया गया था।
एनडीए में तीन वर्षों का कठोर सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अनुभव 31 मई 2025 को पास आउट हुए और आगे के प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद स्थित एयर फोर्स अकादमी, डुंडीगल भेजे गए। वहां उन्होंने फ्लाइंग स्ट्रीम में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने पिलाटस एवं किरण विमान उड़ाने का प्रशिक्षण लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित फाइटर पायलट स्ट्रीम आवंटित की गई। 13 जून को एयर फोर्स अकादमी से पास आउट होने के साथ ही उन्हें फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन प्रदान किया गया। इसी दौरान उन्हें जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से कम्युनिकेशन एंड एप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स विषय में इंजीनियरिंग की डिग्री भी प्रदान की गई। उनके कमीशनिंग एवं दीक्षांत समारोह में पिता कर्नल बिभाष चंद्र सिंह (सेवानिवृत्त), माता प्रियंका किशोरी, बड़े भाई मेजर वैभव सिंह तथा भाभी कैप्टन शर्मिष्ठा उपस्थित रहे। समारोह के दौरान परिवार के सदस्यों ने इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण क्षण बताया। अनुभव सिंह की इस सफलता से स्वर्गीय डॉ. बी.पी. सिंह के पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। साथ ही भौवा परवाल गांव निवासी समेत बड़े भाई सुभाष सिंह एवं अन्य लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की।


