पर्व-त्योहार के लिए दो विशेष ट्रेनों के परिचालन अवधि बढ़ी
गोपालगंज में आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए बरौनी-ग्वालियर और मऊ-कोलकाता ट्रेनों के परिचालन का विस्तार किया गया है। अब ये ट्रैन 29 नवंबर तक चलेंगी, जिससे प्रवासी लोग आसानी से घर आ जा सकेंगे। दोनों ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए 20 कोच जोड़े जाएंगे।

गोपालगंज, आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए बरौनी-ग्वालियर और मऊ-कोलकाता साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के परिचालन का विस्तार किया है। अब दोनों ट्रेनों का परिचालन 29 नवंबर तक होगा। इससे पर्व-त्योहार के मौके पर कोलकाता और ग्वालियर समेत अन्य शहरों में रहने वाले प्रवासियों को घर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार सीवान रूट से मऊ-कोलकाता साप्ताहिक विशेष ट्रेन का पहले से परिचालन हो रहा था। इसके आठ अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। वहीं, छपरा रूट से बरौनी-ग्वालियर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का परिचालन रविवार और बुधवार को किया जा रहा था। अब इस ट्रेन के 18 अतिरिक्त फेरों को मंजूरी दी गई है।
दोनों ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए एसएलआरडी के दो, सामान्य द्वितीय श्रेणी के छह, सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के चार, शयनयान श्रेणी के छह, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक कोच समेत कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में थावे रूट से भी दिल्ली, कोलकाता, मुंबई समेत अन्य महानगरों के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन कराया जाएगा। इसके लिए रेलवे स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


