अच्छी खबर : दून अस्पताल में पांच दिन चलेगी न्यूरो की ओपीडी, पूर्व सैनिकों और भर्ती मरीजों को बड़ी राहत
देहरादून में अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के लिए न्यूरो ओपीडी की सेवाओं का विस्तार किया है, जो अब सप्ताह में पांच दिन चलेगी। इसके साथ ही, पूर्व सैनिकों के लिए दून मेडिकल कॉलेज में कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू की जा रही है। यह एक समझौते के तहत संभव हो रहा है।
देहरादून। मरीजों की बढ़ती संख्या और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन ने न्यूरो ओपीडी की सेवाओं में विस्तार किया है। प्राचार्य प्रो. डॉ. गीता जैन के निर्देशानुसार, अब न्यूरो ओपीडी सप्ताह में पांच दिन संचालित की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत मरीज अब मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को न्यूरो विशेषज्ञों से परामर्श ले सकेंगे। इससे पहले न्यूरो ओपीडी सप्ताह में कम दिन चलती थी, जिससे मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों को दिखाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। मरीजों की इसी भारी परेशानी और असुविधा को दूर करने के लिए ओपीडी के दिनों को बढ़ाया गया है। न्यूरो एचओडी डॉ. डीपी तिवारी एवं डॉ. अमित कुमार ओपीडी करेंगे। पंजीकरण प्रभारी एवं पीआरओ विनोद नैनवाल ने बताया कि शेड्यूल तय हो गया है और तमाम व्यवस्था बना दी गई है। प्राचार्य प्रो. डॉ. गीता जैन ने स्पष्ट किया कि मरीजों का हित अस्पताल के लिए सर्वोपरि है। इस नई व्यवस्था के लागू होने से मरीजों को त्वरित और सुगम चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। अस्पताल प्रशासन मरीजों को हर संभव बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है.
बिलिंग काउंटर की नई व्यवस्था
दो शिफ्ट में चलेगा बिलिंग काउंटर : दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों एवं तीमारदारों को एक बिल्डिंग से दूसरी बिल्डिंग टरकाने के मामले में निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना की सख्ती रंग लाने लगी है। उनके निर्देश पर प्राचार्य डॉ. गीता जैन एवं एमएस डॉ. आरएस बिष्ट इमरजेंसी समेत अस्पताल में सुधार के कार्यों में लगे हैं। इमरजेंसी में जहां सेंट्रल लैब खोले जाने को जगह चिन्हित की जा रही है। वहीं, पुरानी बिल्डिंग में गुरुवार से बिलिंग काउंटर सुबह आठ से शाम आठ बजे तक संचालित होगा। पहले सुबह आठ से दो बजे तक ही चलता था। इससे अब भर्ती, डायलिसिस, रेडियोलॉजी जांचों आदि वाले मरीज एवं तीमारदार बिल कटवाने के लिए ओपीडी या इमरजेंसी के चक्कर नहीं काटेंगे और वहां भीड़ भी नहीं होगी। वहीं, इमरजेंसी में सैंपलिंग काउंटर को गायनी की तरफ से खोल दिया गया है। वार्ड आया फ्रंट गेट पर बैठ गई है, हालांकि यहां पर वार्ड ब्वॉय की सख्त जरूरत है.
कैशलेस इलाज की सुविधा
दून अस्पताल में पूर्व सैनिकों और आश्रितों को कैशलेस इलाज : पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में विशेषज्ञ उपचार की सुविधा मिलेगी। दून मेडिकल कॉलेज को पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के पैनल में शामिल कर लिया गया है। इसके लिए सोमवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस, देहरादून के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। एमओयू पर दून मेडिकल कॉलेज की डीन एवं प्राचार्या प्रो. डॉ. गीता जैन और क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस के निदेशक कर्नल जितेंद्र कुमार ने हस्ताक्षर किए। अधिकारियों के अनुसार ईसीएचएस पोर्टल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब तीन से चार दिन में सुविधा शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद पात्र लाभार्थी कैशलेस इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। ईसीएचएस से जुड़ने के बाद लाभार्थियों को दून अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, जांच और उपचार का लाभ मिलेगा। ओपीडी से लेकर भर्ती (आईपीडी) तक इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी समेत कई विशेषज्ञ विभाग संचालित हैं। गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार की सुविधा भी यहां उपलब्ध है। इस सुविधा का लाभ देहरादून के अलावा आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले ईसीएचएस लाभार्थियों को भी मिलेगा। इससे विशेषज्ञ इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और सरकारी क्षेत्र में उपचार का एक और विकल्प उपलब्ध होगा। ईसीएचएस के तहत पूर्व सैनिकों के साथ वीर नारियों और उनके आश्रितों को भी चिकित्सा सुविधाएं मिलती हैं। इस दौरान एमएस डॉ. आरएस बिष्ट, कॉर्डियोलॉजी एचओडी डॉ. सलिल गर्ग, डीएमएस डॉ. विनम्र मित्तल, डॉ. कुलदीप कुमार, कर्नल हिमांशु कंडपाल और जनसंपर्क अधिकारी दिनेश रावत मौजूद रहे।


