डाक टिकटों में दिखे आजादी के गुमनाम नायक
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आजाद पार्क में एम. गुलरेज की डाक टिकट प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों पर विशेष आवरण प्रदर्शित किए गए। उद्घाटन क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने किया। यह प्रदर्शनी उन नायकों को श्रद्धांजलि देने का प्रयास है, जिन्होंने इतिहास में पहचान नहीं पाई।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को आजाद पार्क में प्रसिद्ध फिलेटलिस्ट एम. गुलरेज की डाक टिकट प्रदर्शनी लगाई गई। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में डाक विभाग की ओर से जारी स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों पर आधारित विशेष आवरण प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें प्रयागराज के मौलवी लियाकत अली, प्रतापगढ़ के पंडित मुनीश्वर दत्त उपाध्याय, जौनपुर के भगेलू राम यादव, शाहजहांपुर के ठाकुर रोशन सिंह, बलिया के चित्तू पांडेय और आजमगढ़ के राजा जयलाल सिंह प्रमुख हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों के स्वतंत्रता सेनानियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।
अपराजिता सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी उन नायकों से परिचित कराने का प्रयास है, जिनके योगदान को इतिहास में अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी। पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से गुमनाम नायकों को याद कर श्रद्धांजलि दी जा रही है।


