प्रदर्शनी में दिखी विकास, सुशासन और जनकल्याण की झलक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सेंट अंथोनी इंटर कालेज में प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य नागरिकों को योजनाओं के लाभ के प्रति जागरूक करना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को आयोजित प्रदर्शनी में विकास, सुशासन और जनकल्याण की झलक दिखी। इसके माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की लाभकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। शहर के सेंट अंथोनी इंटर कालेज में शुक्रवार को सूचना एवं प्रसारण विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी की शुरुआत सीडीओ डॉ. राममोहन मीना ने फीता काटकर की। इसके बाद उन्होंने सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह के साथ उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। सीडीओ ने बताया कि इसका उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है। प्रदर्शनी में रोजगार सृजन, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन तथा सांस्कृतिक विरासत से संबंधित महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।इसके अलावा एयरपोर्ट विस्तार, पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का विकास, युवाओं को रोजगार एवं सरकारी नौकरियों के अवसर, कानून-व्यवस्था में सुधार तथा अपराध नियंत्रण जैसे विषयों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को हस्तांतरित की गई धनराशि से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।

