छात्रों की प्रतिभा प्रदर्शन का उत्कृष्ट मंच है हिन्दुस्तान ओलंपियाड
फोटो नं.04,बछवाड़ा प्रखंड के संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल रानी शिबूटोल में हिन्दुस्तान ओलिंपियाड के लिए मंगलवार को निबंध करवाने वाले स्कूली बच्चों के साथ निदेशक राजीव कुमार व प्राचार्य नेहा कुमारी।

बछवाड़ा, निज संवाददाता। हिन्दुस्तान ओलंपियाड को लेकर जिले भर के स्कूली छात्रों में उत्साह चरम पर है। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विभिन्न स्कूलों में निबंधन करवाने वाले छात्र-छात्राओं के बीच होड़ सी मची हुई है। मंगलवार को बछवाड़ा प्रखंड के रानी शिबूटोल रोड स्थित संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने अपना निबंधन कराया।
प्रतियोगिता की जानकारी
मौके पर स्कूल के निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि हिन्दुस्तान ओलंपियाड प्रतिभाशाली छात्रों को अपनी बौद्धिक क्षमता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक प्रतियोगिता बच्चों के भीतर की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि उनके स्कूल के कक्षा 1 से 10 के 100 से अधिक छात्रों ने हिन्दुस्तान ओलंपियाड में शामिल होने के लिए अबतक अपना पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि हिन्दुस्तान अखबार की ओर से आयोजित इस ओलंपियाड में अपने बच्चों को शामिल करवाने के लिए अभिभावकों की भी विशेष दिलचस्पी देखी जा रही है।
प्रतियोगिता की प्रक्रिया
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों की प्रतिभा, बौद्धिक क्षमता व तार्किक सोच को निखारने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। स्कूल की प्राचार्य नेहा निराला ने हिन्दुस्तान ओलंपियाड की ओर से जारी नियम एवं शर्तों से स्कूली बच्चों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान ओलंपियाड के तहत कक्षा पहली से दसवीं तक के छात्रों से प्रत्येक कक्षा के स्तर पर अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामान्य ज्ञान एवं लॉजिकल रीजनिंग से प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं कक्षा 11 एवं 12 के छात्रों के लिए विज्ञान, वाणिज्य, और मानविकी संकाय के अनुसार अलग-अलग प्रश्न पत्र होंगे।
पुरस्कार वितरण
राष्ट्रीय, क्षेत्रीय, जिला एवं विद्यालय स्तर पर मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को क्रमशः 31000, 21000 और 11000 रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। क्षेत्रीय स्तर पर 5100, 3100 और 2100 रुपए तथा जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1100 तथा अन्य मेधावियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक अजीत कुमार, अमित कुमार, सुनील सिन्हा, चंदन कुमार आदि शिक्षकों ने भी छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। रिपोर्टर:उदय कुमार राय


