लेट आंतरिक अंक भेजने वाले कॉलेजों और शिक्षकों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
-सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में शुक्रवार को कुलपति प्रो. कुनुल कांडिर की अध्यक्षता में परीक्षा बोर्ड की हुई बैठक लेट आंतरिक अंक भेजने वाले कॉलेज

दुमका, प्रतिनिधि।सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में शुक्रवार को कुलपति प्रो. कुनुल कांडिर की अध्यक्षता में परीक्षा बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षा, रिजल्ट प्रकाशन, मूल्यांकन कार्य और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में चर्चा
बैठक में बोर्ड ने पीएचडी में नामांकन हेतु आयोजित साक्षात्कार के परिणाम प्रकाशित करने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम प्रकाशित होने के बाद आंतरिक अंक भेजे जाने की प्रवृत्ति पर बोर्ड ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। इस लापरवाही के लिए संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों और जिम्मेदार शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया गया।
महाविद्यालयों की जिम्मेदारी
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि अब सभी महाविद्यालय विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक परीक्षा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व अनिवार्य रूप से विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएंगे। जिन विद्यार्थियों के आंतरिक अंक निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राप्त नहीं होंगे उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
छात्रों की विषय चयन
बैठक में विभिन्न महाविद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा माइनर एवं एमडीसी विषयों के गलत चयन के मामलों पर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने महाविद्यालयों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कहा कि नामांकन अनुमोदन के दौरान ही विषयों की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित की जाए। छात्रों को नियमों के अनुसार सही विषय चुनने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी त्रुटियां न हों। बैठक में स्नातक, स्नातकोत्तर, बीएड, वोकेशनल पाठ्यक्रमों तथा पीएचडी से संबंधित कुल 36 एजेंडों पर विचार कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में डीएसडब्ल्यू डॉ. जैनेन्द्र यादव, प्रोक्टर डॉ. राजीव कुमार, कुलसचिव डॉ. अब्दुस सत्तर, वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिन्हा. मानविकी संकाय के डीन डॉ. बसन्त गुप्ता, ओएसडी परीक्षा इंद्रनील मंडल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. रीना नीलिमा लकड़ा आदि मौजूद थे।
फोटो संख्या-30-विश्वविद्यालय में परीक्षा बोर्ड की बैठक करती कुलपति एवं अन्य


