गांधी जयंती पर पूर्व सैनिक ने कलक्ट्रेट में किया आत्मदाह का प्रयास, मचा हड़कंप
देवरिया के पूर्व सैनिक सत्येंद्र कुमार शाही ने भूमि विवाद के चलते कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया। वे आरोप लगाते हैं कि उनके पैतृक भूमि पर भू-माफिया ने कब्जा कर लिया है। प्रशासन ने मामले को तुरंत संज्ञान में लिया और उनकी शिकायत का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
देवरिया, निज संवाददाता। भूमि विवाद के मामले का निस्तारण नहीं होने से परेशान एक पूर्व सैनिक ने शुक्रवार को गांधी जयंती पर देवरिया कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया जिससे हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पूर्व सैनिक को पकड़ कर आत्मदाह करने से रोका। सूचना पर पहुंचे एडीएम प्रशासन प्रेमनारायण सिंह ने पूर्व सैनिक को समझा कर जिलाधिकारी के पास ले गए।
शिकायत का निस्तारण
डीएम मधुसूदन हुल्गी ने पूर्व सैनिक की समस्याओं को सुनने के बाद एसडीएम भाटपाररानी को फोन कर समस्या का तत्काल निस्तारण करने को कहा। इसके बाद पूर्व सैनिक को पुलिस सुरक्षा में उनके घर भेज दिया गया। खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार के रहने वाले सत्येंद्र कुमार शाही सेवानिवृत्त सैनिक हैं। उनका आरोप है कि उनकी पैतृक भूमि पर भू-माफिया व अन्य लोगों ने कब्जा कर लिया है। कब्जा करने वालो में टाप-टेन की सूची में शामिल एक व्यक्ति भी शामिल हैं। उन्होंने एक बार नहीं, बल्कि चार बार मुख्यमंत्री के जनता दर्शन गोरखनाथ मंदिर में फरियाद किया। हर बार देवरिया जिला प्रशासन को सख्त कार्रवाई के आदेश तो दिए गए, लेकिन मिलीभगत के चलते प्रार्थना पत्र को हर बार ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। कई बार पैमाइश भी हुई, लेकिन न्याय नहीं दिलाया गया। इससे परेशान होकर उन्होंने गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी।
सुरक्षा में घर वापसी
इसकी सूचना उन्होंने रजिस्टर्ड डाक से मुख्यमंत्री और जिम्मेदार अधिकारियों को भी भेजी थी। शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे वे परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपने ऊपर तेल उड़ेल लिया। यह देख ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ कर गैलेन छीन लिया। सूचना मिलते ही एडीएम प्रशासन प्रेमनारायण सिंह मौके पर पहुंचे और पूर्व सैनिक को समझा कर जिलाधिकारी के पास ले गए।
एडीएम प्रशासन प्रेमनारायण सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने पूरा प्रकरण सुनने के बाद भाटपाररानी के एसडीएम दीपराज सिंह को फोन पर मामले का तत्काल निस्तारित कराने का निर्देश दिया। इसके बाद पूर्व सैनिक को संतुष्ट करते हुए पुलिस की सुरक्षा में उनके घर भेज दिया गया。

