कैबिनेट : मथुरा की बंद चीनी मिल में 3.96 करोड़ लीटर क्षमता का एथेनॉल प्लांट लगेगा
- बंद छाता चीनी मिल में 200 करोड़ की लागत से लगेगा - गन्ने के

लखनऊ, प्रमुख संवाददातामथुरा की बंद छाता चीनी मिल में एथेनॉल प्लांट लगाया जाएगा। 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले यह एक्सटेंशन प्लांट 11 महीने संचालित होगा। गन्ने से एथेनॉल बनाया जाएगा और फिर उसके बाद मक्के व धान से भी एथेनॉल बनाया जाएगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने बताया कि यह मिल 19 साल पहले बंद हो गई थी। सपा सरकार के दौरान इस मिल को एक भी रुपये का भुगतान नहीं किया गया। अब इस चीनी मिल में एथेनॉल प्लांट लगाया जाएगा।
एथेनॉल प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3.96 करोड़ लीटर होगी। गन्ना पेराई का सीजन समाप्त होने के बाद मक्का व धान से भी एथेनॉल का उत्पादन किया जाएगा। छाता चीनी मिल की नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से करीब 40 मिनट की दूरी को भी परियोजना के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां गोदाम और अन्य सुविधाएं विकसित करने की संभावनाएं हैं। परियोजना से क्षेत्र में हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। चीनी मिल के माध्यम से लोगों को रोजगार दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा।


