ईपीएफओ की 25 हजार की सीमा से मेरठ क्षेत्र में 1 लाख से अधिक को मिलेगा लाभ
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कर्मचारियों के हित में वेतन सीमा को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह करने की घोषणा की है। इससे मेरठ क्षेत्र के नौ जनपदों में एक लाख से अधिक कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आएंगे। प्रधानमंत्री योजना से नई नौकरियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कर्मचारियों और नियोक्ताओं के हित में सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाते हुए कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की है। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I, क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ अंकुर पी. गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि ईपीएफओ कवरेज के लिए वेतन सीमा को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह कर दिया गया है। इस निर्णय से मेरठ क्षेत्र के नौ जनपदों (मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, शामली, हापुड़, बागपत और बिजनौर) के एक लाख से अधिक अतिरिक्त कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आ जाएंगे। इससे उन्हें भविष्य निधि बचत, पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने इस अवसर पर अन्य प्रमुख योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। बताया कि कर्मचारी नामांकन अभियान योजना के तहत छूटी हुई पूर्व अवधि के लिए कर्मचारियों का अंशदान माफ रहेगा, और नियोक्ताओं को डैमेज के रूप में केवल ₹100 की एकमुश्त राशि जमा करनी होगी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को अधिकतम ₹15,000 तक (दो किश्तों में एक महीने का वेतन) मिलेगा। साथ ही, नियोक्ताओं को भी दो वर्षों तक प्रति माह ₹3,000 तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। विश्वास योजना 2026 के तहत धारा 14बी के अंतर्गत हर्जाने से संबंधित पुराने लंबित मामलों और विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान किया जाएगा, जिससे नियोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने सभी नियोक्ताओं और कर्मचारियों से अपील की है कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पात्र कर्मचारियों को औपचारिक सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने में सहयोग करें।


