यमुना में रेत खनन परियोजना पर पांच अक्तूबर को जनसुनवाई
फरीदाबाद के गांव अमीपुर में यमुना नदी के तल से रेत खनन की प्रस्तावित परियोजना पर 5 अक्तूबर को सुबह 11 बजे पर्यावरणीय जनसुनवाई होगी। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा आयोजित इस जनसुनवाई में आमजन पर्यावरणीय सुझाव और आपत्तियां रख सकेंगे। परियोजना का उद्देश्य 249.15 एकड़ क्षेत्र में 37 लाख मीट्रिक टन रेत खनन करना है।

फरीदाबाद, सरसमल। गांव अमीपुर में यमुना नदी के तल से रेत खनन की प्रस्तावित परियोजना को लेकर 5 अक्तूबर को सुबह 11 बजे पर्यावरणीय जनसुनवाई होगी। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जनसुनवाई आयोजित करेगा। इसमें आमजन परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय सुझाव और आपत्तियां रख सकेंगे। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक प्रस्तावित परियोजना मैसर्स इन्फिनिटी मिनरल्स की ओर से नीरज गुप्ता के माध्यम से लाई गई है। इसके तहत 249.15 एकड़ क्षेत्र में प्रतिवर्ष 37 लाख मीट्रिक टन रेत खनन का प्रस्ताव है। परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति लेने की प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड ने पर्यावरण समूहों, प्रभावित क्षेत्र के निवासियों और अन्य संबंधित लोगों से सुझाव, टिप्पणियां और आपत्तियां मांगी हैं।
परियोजना की पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट बोर्ड की वेबसाइट और संबंधित सरकारी कार्यालयों में देखी जा सकती है। लोग जनसुनवाई में पहुंचकर भी अपनी बात मौखिक या लिखित रूप में रख सकेंगे।


