वृक्षजल कथा से बच्चों में जगी वैज्ञानिक सोच
उन्नाव के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा औरास में वृक्षजल कथा और बरगद बचाओ महाअभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों के वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा की सराहना की गई। जागरूकता रैली सहित, बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की और सामूहिक संकल्प लिया। विशेष चर्चा पॉडकास्ट संवाद पर हुई।

उन्नाव। उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा औरास में आयोजित वृक्षजल कथा व बरगद बचाओ महाअभियान के दौरान बच्चों की जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच ने कार्यक्रम को नई पहचान दी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र अपूर्व ने छात्र-छात्राओं के प्रश्नों और पर्यावरण के प्रति उनकी समझ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जागरूक पीढ़ी ही भविष्य में प्रकृति संरक्षण की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने किया। इसके बाद अनूप मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर बरगद बचाओ महाअभियान की जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के बाद आयोजित वृक्षजल कथा में बच्चों ने वृक्ष, जल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा तथा सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली चरण पॉडकास्ट संवाद रहा। छात्राओं समरीन, अंकिता, दीपाली और शगुन ने जल संकट, बरगद के महत्व, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचारोत्तेजक प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में मैं हूँ बरगद का मित्र सेल्फी स्टैंड और बरगद प्रहरी हस्ताक्षर अभियान ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से भावनात्मक रूप से जोड़ा।


