जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बने: शास्त्री
ललितपुर में विश्व उद्यमिता दिवस 2026 पर नेहरू महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य ओमप्रकाश शास्त्री ने युवाओं को स्वरोजगार को अपनाने और रोजगार देने वाले बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नवाचार और उद्यमिता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि युवा देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

ललितपुर। वर्तमान समय केवल नौकरी तलाशने वालों का नहीं, बल्कि नए अवसर पैदाकर नौकरियां बांटने वालों का है। अपने इस जनपद में अपार सम्भावनाएं छिपी हैं। आवश्यकता केवल सही दिशा, दूरदर्शी सोंच और जोखिम उठाने के साहस की है। नेहरू महाविद्यालय में विश्व उद्यमिता दिवस 2026 पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात प्राचार्य ओमप्रकाश शास्त्री ने कही। विश्व उद्यमिता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्य ध्येय युवा विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता की भावना को जागृत करना तथा उन्हें स्वरोजगार व स्वावलंबन के पथ पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करना रहा। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि युवक अब रोजगार देने वाले बनें।
प्रांत सह विचार प्रमुख डॉ. जगवीर सिंह ने कहा कि देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए युवाओं को पुरानी परिपाटी से बाहर निकलकर स्वावलंबी बनना होगा। राष्ट्र की प्रगति में युवा उद्यमियों की भूमिका सबसे निर्णायक है। इस गरिमामय आयोजन में एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। फिर नए व्यावसायिक आइडियाज, स्टार्टअप योजनाओं और आत्मनिर्भरता पर फलदायी चर्चा हुई तथा सभी ने स्वरोजगार को अपनाकर देश के विकास में योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर नेहरू महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।


