वीकेएसयू : पीजी एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा आज, तैयारी पूरी
शाहाबाद के चारों जिले में बनाये गये हैं 14 केंद्र, 10881 अभ्यर्थी होंगे शामिल, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में पीजी में दाखिला के लिए आज मंगलवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई...

शाहाबाद के चारों जिले में बनाये गये हैं 14 केंद्र, 10881 अभ्यर्थी होंगे शामिल पूर्व में जारी एडमिट कार्ड पर ही आज की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे अभ्यर्थी आरा, निज प्रतिनिधि। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में पीजी में दाखिला के लिए आज मंगलवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। केंद्रों पर सोमवार को सीट प्लान को अंतिम रूप दिया गया। परीक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्री केंद्रों पर भेज दी गई है। पूर्व में जारी प्रवेश पत्र के आधार पर ही अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। मालूम हो कि पहले 27 अगस्त को परीक्षा ली जानी थी। किसी कारण से स्थगित कर दी गई थी। अब पुनः आठ सितंबर को परीक्षा हो रही है।
परीक्षा नियंत्रक की जानकारी
परीक्षा नियंत्रक डॉ लाल बाबू सिंह ने बताया कि इस परीक्षा के लिए पूर्व में जारी किया गया एडमिट कार्ड ही मान्य है। सभी परीक्षार्थी निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ अपना मूल पहचान पत्र (जैसे-आधार कार्ड/वोटर आईडी) अवश्य साथ लाएंगे। परीक्षा एवं प्रवेश से जुड़ी किसी भी अन्य अपडेट के लिए सामर्थ्य पोर्टल एवं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। परीक्षा दो पालियों में होगी। बता दें कि पहले पेपर की सुबह 11 बजे से 12 बजे तक और दूसरे पेपर की परीक्षा सवा 12 बजे से सवा दो बजे तक होगी। केंद्र पर इंट्री सुबह 9:30 बजे शुरू हो जाएगी। साथ ही साढ़े दस बजे गेट बंद कर दिया जाएगा। विलंब से आने वाले को इंट्री नहीं मिलेगी। सभी केंद्राधीक्षकों को जैमर लगाने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा की व्यवस्था
प्रवेश परीक्षा में विभिन्न विषयों में 10 हजार 881 अभ्यर्थी शामिल होंगे। चारों जिले में 14 केंद्र बनाये गये हैं। पीजी की कुल पांच हजार 998 सीटों पर एडमिशन लिया जाना है। इन केंद्रों पर होगी पीजी की प्रवेश परीक्षा पीजी एडमिशन को कुल 14 केंद्र बनाये गये हैं। आरा मुख्यालय में सात केंद्र बनाये गये हैं। इनमें एचडी जैन कॉलेज, महाराजा बहादुर राम रणविजय प्रसाद सिंह कॉलेज, जगजीवन कॉलेज, एसबी कॉलेज, एमएम महिला कॉलेज, टीएसआई महिला कॉलेज और डीके कारमेल आवासीय विद्यालय जीरो माइल शामिल हैं, जबकि बक्सर में दो केंद्र हैं। इसमें डीके कॉलेज डुमरांव और एमवी कॉलेज बक्सर शामिल हैं। वहीं रोहतास में एसपी जैन कॉलेज सासाराम, शेरशाह कॉलेज सासाराम, रोहतास महिला कॉलेज सासाराम और जेएलएन कॉलेज डिहरी ऑन सोन को केंद्र बनाया गया है। वहीं कैमूर में एसवीपी कॉलेज भभुआ को केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा का प्रारूप
परीक्षा दो समूहों में आयोजित होगी। पहले समूह ग्रुप ए में 50 अंक के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जायेंगे। इसमें सभी संकायों के लिए प्रश्न पत्र एक समान होगा। वहीं दूसरे समूह ग्रुप बी में 150 अंक की परीक्षा होगी। कुल 75 प्रश्न पूछे जायेंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा। इसमें विषय आधारित प्रश्न पूछे जायेंगे। पात्रता परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं की जायेगी। परीक्षा में वस्तुनिष्ठ और स्नातक स्तरीय विषय आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल ढाई घंटे की परीक्षा होगी। सफल विद्यार्थियों का ही मेरिट लिस्ट के आधार पर एडमिशन होगा।


