राजकीय डिग्री कॉलेज जलालगढ़ में स्नातक के छह विषयों में 19 तक होगा नामांकन
-प्रत्येक विषय में 45 सीटों पर प्रथम मेरिट लिस्ट के आधार पर एडमिशन पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए केंद्र के रूप में उ

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए केंद्र के रूप में उभर रहे राजकीय डिग्री कॉलेज जलालगढ़ में स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-27 में नामांकन की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। प्रथम चयन सूची के आधार पर 19 जून तक कुल छह विषयों में अभ्यार्थियों का एडमिशन लिया जायेगा। प्रत्येक विषय में 45 सीटों पर एडमिशन होगा। एडमिशन की प्रक्रिया समाप्त होने के उपरांत एक जुलाई से कॉलेज में स्नातक की कक्षाएं शुरू हो जायेगी। वर्तमान समय में कॉलेज प्रशासन ने प्रथम सूची में चयनित सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपना नामांकन सुनिश्चित करा लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना न करना पड़े。
महाविद्यालय में सभी आवश्यक सुविधाएं
-राजकीय डिग्री कॉलेज जलालगढ़ के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पटवारी यादव ने बताया कि राजकीय डिग्री कॉलेज जलालगढ़ एक नवस्थापित महाविद्यालय है, किंतु विद्यार्थियों की सुविधा एवं हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नामांकन संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, दस्तावेजों के सत्यापन तथा नामांकन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। महाविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक योग्य छात्र-छात्रा का नामांकन बिना किसी परेशानी के समय पर संपन्न हो सके।उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सूचनाएं एवं सहयोग तत्काल उपलब्ध कराया जा रहा है। नामांकन के दौरान महाविद्यालय में आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों का मार्गदर्शन भी किया जा रहा है, जिससे वे आसानी से निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर सकें। प्राचार्य ने बताया कि नवस्थापित होने के बावजूद राजकीय डिग्री कॉलेज जलालगढ़ गुणवत्तापूर्ण एवं छात्र-केंद्रित शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। महाविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य केवल नामांकन प्रक्रिया को संपन्न करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भी है। आने वाले समय में महाविद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। नामांकन कार्य के दौरान मौके पर अर्थपाल डॉ. रामस्वरूप कुमार तथा प्रधान सहायक सह लेखापाल बाबुल कुमार शर्मा उपस्थित रहकर छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं। उनके द्वारा अभ्यर्थियों को नामांकन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, आवश्यक दस्तावेजों तथा अन्य औपचारिकताओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे नामांकन प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पटवारी यादव ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण करा लें। उन्होंने कहा कि राजकीय डिग्री कॉलेज जलालगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है तथा महाविद्यालय परिवार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूर्णतः समर्पित है। नवस्थापित डिग्री कॉलेज में 6 विषयों में अभ्यार्थियों का स्नातक में एडमिशन लिया जायेगा। प्रत्येक विषय में 45 छात्र-छात्राओं का एडमिशन लिया जायेगा। एडमिशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक जुलाई से स्नातक की कक्षाएं कॉलेज में शुरू हो जायेगी। इसके निमित्त कॉलेज प्रशासन की तैयारी पूरी हो चुकी है।


