सर्टिफिकेट कोर्स इन स्पोर्ट्स कोचिंग में नामांकन तिथि बढ़ी
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के तहत स्पोर्ट्स कोचिंग सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन की तिथि 9 सितंबर से बढ़ाकर 16 सितंबर कर दी गई है। नामांकन प्रक्रिया 19 सितंबर तक चलेगी। ये कोर्स फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो में हैं। कुल 120 सीटें उपलब्ध हैं।

राजीव रंजन झा,दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय अंतर्गत स्थापित खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के तहत स्पोर्ट्स कोचिंग के सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन की तिथि विस्तारित कर दी गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं अब 16 सितंबर तक ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं और नामांकन की प्रक्रिया 19 तक चलेगी। गौरतलब है कि निदेशालय के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पाठ्यक्रमों का संचालन शुरू किया गया है। फिलहाल चार खेलों फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल एवं खो-खो कोचिंग में सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत की गई है। इस पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नौ सितंबर तक निर्धारित थी, जिसे अब 16 तक बढ़ा दिया गया है।
इसी अनुरूप नामांकन प्रक्रिया की अवधि भी विस्तारित करते हुए 19 तक कर दी गई है। आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन होगी।नामांकन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर लिया जाएगा। इन चारों कोर्स में 30-30 सहित कुल 120 सीटों पर ऑफलाइन माध्यम से नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं इन सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन के लिए योग्य माने जाएंगे। खेल में जिला, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता होने पर नामांकन में वरीयता दी जाएगी।


