खेल व शारीरिक शिक्षा निदेशालय में नामांकन को आवेदन नौ तक
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय में चार सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि नौ सितंबर है। फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी एवं खो-खो कोचिंग में छह माह के कोर्स की पेशकश की गई है। सभी चयनित छात्रों को मूल प्रमाण पत्र जमा कराना होगा।

राजीव रंजन झा,दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में स्थापित खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय में शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निदेशालय के अंतर्गत चार सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। आवेदन की अंतिम तिथि नौ सितंबर निर्धारित है। खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत फिलहाल चार खेलों में कोचिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। फुटबॉल कोचिंग, वॉलीबॉल कोचिंग, कबड्डी कोचिंग एवं खो-खो कोचिंग में छह माह के सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई है। आवेदन की प्रक्रिया 31 अगस्त से चल रही है जो नौ सितंबर तक चलेगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इन चारों कोर्स में 30-30 सहित कुल 120 सीटों पर ऑफलाइन माध्यम से नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई है। आवेदन प्रपत्र खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय से कार्यालय अवधि में प्राप्त किए जा सकते हैं।
आवेदन प्रपत्र शुल्क
निदेशालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार आवेदन प्रपत्र का शुल्क 300 रुपये प्रति पाठ्यक्रम निर्धारित है। आवेदन की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पहले आओ पहले पाओ के आधार पर 12 से 17 सितंबर तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी और 18 सितंबर से कक्षाएं शुरू कर दी जाएगी। खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय का शुभारंभ होने से स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनका कहना है कि अब खेल में करियर बनाने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को संबंधित डिग्री प्राप्त करने के लिए अन्य विश्वविद्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
योग्यता और वरीयता
इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं इन सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन के लिए योग्य माने जाएंगे। खेल में जिला, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता होने पर नामांकन में वरीयता दी जाएगी। आवेदन के साथ अभ्यर्थी को इंटरमीडिएट या स्नातक के अंक पत्र एवं प्रवेश पत्र की स्वअभिप्रमाणित छायाप्रति, जिला/राज्य/राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी का प्रमाण पत्र (यदि हो) तथा चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो संलग्न करना होगा।
नामांकन शुल्क और सत्यापन
नामांकन शुल्क के रूप में अभ्यर्थी को एकमुश्त छह हजार रुपये का भुगतान करना होगा। सभी चयनित छात्र-छात्राओं को अपना मूल प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए जमा कराना होगा। नामांकन के समय मूल अंक पत्र एवं वैध परिचय पत्र (आधार कार्ड) लाना आवश्यक होगा। सत्यापन के पश्चात ही नामांकन लिया जाएगा। गलत सूचना पाये जाने पर नामांकन उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।
प्रस्ताव का अनुमोदन
गौरतलब है कि 18 अगस्त को आयोजित विद्वत परिषद की बैठक में खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी तथा खो-खो कोचिंग में सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव को पारित किया गया था। इसके उपरांत 31 अगस्त को आयोजित सिंडिकेट की बैठक में विद्वत परिषद में लिए गए निर्णय को अनुमोदित किया गया, जिसके बाद नामांकन का रास्ता साफ हो गया और प्रक्रिया शुरू कर दी गई।


